राहुल गांधी की पेशी आज ठाणे कोर्ट में, RSS मानहानि मामले में  

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के अलावा इस मामले में सीपीएम नेता सीताराम येचुरी को भी पेश होने का फरमान जारी किया गया था. हालांकि, दोनों नेता अदालत में सुनवाई के दौरान पेश होंगे या नहीं इसकी जानकारी नहीं है.

लोकसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को आज महाराष्ट्र के ठाणे की एक अदालत में पेश होना है. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के एक कार्यकर्ता द्वारा मानहानि को लेकर दाखिल की गई याचिका पर ठाणे की कोर्ट ने राहुल को समन भेजा था और 30 अप्रैल को अदालत में पेश होने को कहा था.

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के अलावा इस मामले में सीपीएम नेता सीताराम येचुरी को भी पेश होने का फरमान जारी किया गया था. हालांकि, दोनों नेता अदालत में सुनवाई के दौरान पेश होंगे या नहीं इसकी जानकारी नहीं है.

RSS कार्यकर्ता विवेक चंपानेरकर ने अपनी एक याचिका में आरोप लगाया था कि दोनों नेताओं ने अपने भाषणों में पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या का जिक्र करते हुए उसे RSS से जोड़ा था. जिसपर उन्होंने मानहानि का केस दर्ज किया था.

अवमानना मसले पर भी आज सुनवाई

इस मानहानि केस के अलावा राहुल गांधी पर आज अवमानना केस की भी सुनवाई होनी है. राफेल मामले पर राहुल गांधी पर सुप्रीम कोर्ट की अवमानना करने का आरोप है, जिसपर आज अदालत में सुनवाई है.

भिवंडी कोर्ट में भी चल रहा मामला

आपको बता दें कि राहुल गांधी पर इससे पहले भी RSS की मानहानि करने का एक केस महाराष्ट्र की ही भिवंडी कोर्ट में चल रहा है. उस मामले में राहुल गांधी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या के पीछे संघ का हाथ बताया था, जिसमें राहुल पर आरोप भी तय हो चुके हैं.

राहुल के निशाने पर रहता है संघ

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल अपने अधिकतर भाषणों में भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए, राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ को भी आड़े हाथों लेते रहे हैं. राहुल के निशाने पर संघ की विचारधारा रहती है. राहुल का आरोप है कि संघ और बीजेपी देश में अपनी विचारधारा को थोपना चाहते हैं, और देश को संविधान के तहत नहीं बल्कि नागपुर के कानून के तहत चलाना चाहते हैं.