
भाजपा का संगठन पूरी एकता व मजबूती के साथ काम कर रहा है। इसलिए किसी के आने या जाने से कोई फर्क नहीं पड़ता। यह शब्द मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को शाहपुर मैदान में कांगड़ा-चंबा लोकसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी किशन कपूर के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए कहे। जयराम ने कहा सुरेश चंदेल की कांग्रेस में शामिल होने की खबर आई है। वे काफी दिन से इधर-उधर के संपर्क में थे। उनके जाने पर वे कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। कांग्रेस में जाने से उनका क्या लाभ होगा वह उन्हें ही पता होगा।

विपक्ष कुछ भी कहे और वे चुप रहें, ऐसा नहीं होगा। वैसे भी मैं तभी कुछ कहता हूं जब पहले विपक्ष की तरफ से कुछ कहा जाता है। जयराम ने कहा कि देश में गठबंधन नेता अपना नेता तय नहीं कर पा रहा है और मजबूत नेता नरेंद्र मोदी को रोकने का प्रयास कर रहे हैं। देश की जनता बोल रही है कि नरेंद्र मोदी के रूप में मजबूत प्रधानमंत्री चाहिए। आज पूरे देश में नरेंद्र मोदी के पक्ष में लहर चल रही है। इससे पूर्व शाहपुर पहुंचने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं बनोई में सीएम का जोरदार स्वागत किया। बाइक रैली से उन्हें जनसभा स्थल तक लाया गया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी व किशन कपूर ने भी विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान विधायक विक्रम जरियाल, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विशाल चौहान, जिला अध्यक्ष संजय चौधरी, विशाल नेहरिया, दीपक अवस्थी, राकेश मनु, अश्वनी शास्त्री, अमरीश परमार, राकेश चौहान, विजय कुमार, अश्वनी चौधरी, विजय बत्रा सहित कई लोग मौजूद रहे।