
जिले में पुलिस साइबर क्राइम एवं अन्य घटनाओं के प्रति जागरूक करने का सराहनीय प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस विभिन्न स्कूलों में जागरूकता कैलेंडर लगाकर छात्रों को आपराधिक घटनाओं के प्रति सचेत रहने की सलाह दे रही है, जिससे इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लग सके।
पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के निर्देशों पर कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस ने राइंका, राबाइंका, राजकीय महाविद्यालय रुद्रप्रयाग समेत कई विद्यालयों में साइबर क्राइम को रोकने के लिए जागरूकता कैलेंडर लगाए हैं। इसके अलावा पुलिस ने एटीएम सुरक्षा, ऑनलाइन शॉपिग, सोशल मीडिया से संबंधित क्राइम एवं ऑनलाइन जॉब धोखाधड़ी के प्रति भी छात्रों को जागरूक किया। साथ ही गुप्तकाशी, ऊखीमठ एवं मयाली में माध्यमिक स्कूलों एवं डिग्री कॉलेजों में साइबर से संबंधित कैलेंडर लगाए व बच्चों को साइबर अपराधों के बारे में बताया गया। पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि जिले में किसी भी तरह का अपराध न बढ़े इसके लिए लगातार लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। बताया कि समय-समय पर विभिन्न स्थानों पर गोष्ठियों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।