रवाना प्रियंका गांधी लखनऊ से अमेठी के लिए

 कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने Lok Sabha Election 2019 के तहत उत्तर प्रदेश की कमान अब अपने हाथ में ले ली है। वह जगह-जगह जाकर रोड शो कर रही हैं। इसी कड़ी में अपने भाई और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के चुनाव क्षेत्र अमेठी में आज (बुधवार ) दौरे के लिए प्रियंका गांधी पर काफिला रवाना हो चुका है। इससे पहले लखनऊ एयरपोर्ट पर कार्यकताओं ने भव्य स्वागत किया।

मेरा बूथ मेरा गौरव कार्यक्रम को संबोधित करेंगी प्रियंका

 

प्रियंका गांधी सुबह साढ़े दस बजे लखनऊ से हैदरगढ़, इन्हौंना, जगदीशपुर होते हुए दोपहर 12 बजे मुसाफिरखाना के एएच इंटर कॉलेज पहुंचेंगी। यहां वह मेरा बूथ मेरा गौरव कार्यक्रम के तहत 1956 बूथों के कार्यकर्ताओं से एक-एक कर रूबरू होंगी। देर शाम वह सड़क मार्ग से रायबरेली स्थित भूएमऊ गेस्ट हाउस के लिए रवाना होंगी, जहां रात्रि विश्राम करेंगी।

अमेठी दौरे से पहले पोस्टर वॉर 

प्रियंका गांधी वाड्रा के अमेठी पहुंचने से पहले ही जिले स्थित मुसाफिरखाना कस्बे में जगह-जगह विरोधी पोस्टर लगाए गए। बताया जा रहा है कि यह पोस्टर समाजवादी पार्टी (सपा) के छात्र सभा नेता जयसिंह प्रताप यादव द्वारा लगवाए गए हैं। पोस्टर में लिखा गया- “देख चुनाव पहन ली सारी नहीं, चलेगी होशियारी। क्या खूब ठगती हो, क्यों पांच साल बाद ही अमेठी दिखती हो, साठ सालों का हिसाब दो।”

28 मार्च को रायबरेली और 29 मार्च अयोध्या में

गौरलतब हो कि प्रियंका गांधी 28 मार्च को अपनी मां और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली का दौरा करेंगी। यही नहीं प्रियंका गांधी का काफिला शुक्रवार यानी 29 मार्च को अयोध्या भी पहुंचेगा।

पिछले दिनों की थी गंगा यात्रा 

बता दें, प्रियंका गांधी ने पिछले दिनों गंगा यात्रा की। इस दौरान वह प्रयागराज से वाराणसी तक स्टीमर से गईं। इस दौरान उन्होंने प्रयागराज से गंगा किनारे के पौराणिक स्थल सीतामढ़ी पहुंचकर मछुआरों और महिलाओं से संवाद किया था। इस दौरान उन्होंने जनता से अपील की कि देश और संविधान को बचाने के लिए सोच-समझ के वोट करें। प्रियंका ने कहा मैंने और मेरे भाई ने बहुत संघर्ष देखे हैं। पिता और परिवार का बलिदान देखा है। राहुल को सत्ता का शौक नहीं है वो आप सभी की भलाई चाहते हैं।

प्रियंका ने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा था कि मौजूदा सरकार ने पांच साल पहले खूब वादे किए और इतने साल की सत्ता के दौरान कोई वादा पूरा नहीं किया। किसानों की भलाई हुई न महिलाओं की भलाई हुई। युवाओं को रोजगार भी नहीं मिला। ये सरकार जनता को और उसकी आशाओं व अपेक्षाओं को नकारने वाली है। पीएम का नाम लिए बिना प्रियंका ने कहा था कि 56 इंच के सीने वाले इतने महान नेता आप हैं तो सभी वादे पूरे क्यों नहीं किये। सच ये है कि आप दुर्बल हैं।