PM मोदी: मुंबई हमले के बाद सर्जिकल स्ट्राइक करना चाहती थी वायुसेना, लेकिन UPA सरकार ने रोका

तमिलनाडु के कन्याकुमारी पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुलवामा हमले का जिक्र करते हुए जवानों को सलाम किया. इस दौरान उन्होंने लोगों का संबोधित करते हुए कहा कि मुंबई में हुए 26/11 हमले के बाद वायुसेना सर्जिकल स्ट्राइक करना चाहती थी. लेकिन मौजूदा यूपीए सरकार ने रोक दिया. उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में आतंकी हमले पर सख्त एक्शन नहीं लिया जाता था, लेकिन हमारी सरकार ने सेना को आतंकियों से बदला लेने की खुली छूट दी है.

पीएम ने जवानों को सलाम करते हुए कहा कि 26/11 भारत में हुआ लेकिन कुछ नहीं किया. उरी और पुलवामा में जो हुआ, हमारी सेना ने उसका बदला लिया. उन्होंने कहा कि मैं सलाम करता हूं उन सैनिकों को जो हमारे देश की सेवा कर रहे हैं. एक समय था जब अखबारों में खबरें निकलती थीं कि फोर्स बदला चाहती है, लेकिन उन्हें यूपीए सरकार अनुमति नहीं दे रही. आज खबरें होती हैं कि सेना को खुली छूट दे दी गई है, जो चाहे वह करें. आंतकवादियों से बदला लें.

पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत में कहा कि हर भारतीय को गर्व है कि विंग कमांडर अभिनंदन तमिलनाडु के हैं. इस दौरान पीएम ने आतंकवाद का जिक्र करते हुए कहा कि कई सालों से देश आतंकवाद का सामना कर रहा था. 2004 से 2014 तक कई आंतकवादी हमले हुए. जयपुर, मुंबई, पुणे, हैदराबाद कई जगहों पर हमले हुए लेकिन, किसी ने इस पर सख्त कार्रवाई नहीं की.

आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के कन्याकुमारी में शुक्रवार (01 मार्च) को विभिन्न रेल-सड़क विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया. इस मौके पर उन्होंने उन्होंने कहा कि देश की पहली महिला रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण भी तमिलनाडु से हैं. मुझे इसका भी गर्व है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को तमिलनाडु में 2,995 करोड़ रुपये की विभिन्न राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया. उन्होंने सड़क सुरक्षा पार्क और परिवहन संग्रहालय का भी उद्घाटन किया.