पूर्व केंद्रीय मंत्री ने धनबाद में किया एलान, घोषणापत्र में श्रमिक वर्ग का ख्याल रखेगी भाजपा

भारत के मन की बात कार्यक्रम के तहत पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा सांसद कलराज मिश्र ने बुधवार को श्रमिक नेताओं की मांगें सुनीं। श्री कच्छ गुर्जर क्षत्रिय समाज भवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मिश्र ने कहा कि श्रमिक नेता जो भी सुझाव देंगे उनमें से प्रमुख मांगों को भाजपा के घोषणापत्र में शामिल किया जाएगा। उसी के अनुरूप अगले कार्यकाल में मोदी सरकार नई नीतियां बनाएगी और जरूरत पड़ी तो पुरानी में संशोधन भी करेगी।

मिश्र ने कहा कि सरकार ने मजदूरों के हित में पिछले पांच वर्षों में कई कार्य किए। नई पेंशन नीति लागू की जिसमें वेतन का 10 फीसद कर्मचारी व चार फीसद सरकार राशि देती है। निजी क्षेत्र के कर्मचारियों के बोनस की न्यूनतम राशि 3500 से बढ़ाकर 7000 रुपये किया। बोनस पानेवालों की अधिकतम मूल वेतन की सीमा 10000 से बढ़ाकर 21 हजार रुपये किया गया। ईएसआइ की सुविधा के लिए वेतन सीमा 15000 से बढ़ाकर 21000 रुपये कर दिया गया है। कार्यस्थल पर मृत श्रमिक को अब 2.5 लाख की जगह छह लाख रुपये की रकम दी जा रही है। इतना ही नहीं रेहरी, रिक्शाचालक, कृषि कामगार, मजदूर, हथकरघा, बीड़ी सहित तमाम छोटे मजदूरों के लिए सामाजिक सुरक्षा बीमा योजना लागू की गई है। कलराज ने दावा किया कि सरकार के मेक इन इंडिया, स्टार्ट अप इंडिया व स्टैंड अप इंडिया जैसी योजनाओं से कॉरपोरेट सेक्टर में दो करोड़ युवाओं को रोजगार उपलब्ध हुआ है।

उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में बोकारो इस्पात संयंत्र है, कोयला की खदानें हैं जो वास्तव में देश के लिए सोना उगलती हैं। यहां श्रमिकों का बड़ा वर्ग है। उनकी मांगों व सुझावों को भी हम पार्टी नेतृत्व के सामने रखेंगे और उसे घोषणापत्र में शामिल करेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने की। कार्यक्रम को मंत्री अमर कुमार बाउरी, सांसद पीएन सिंह ने भी संबोधित किया। पूर्व विधायक कुंती सिंह भी मंच पर थीं। कार्यक्रम को सफल बनानेवालों में भामसं महामंत्री ललन मिश्रा, सुबोध सिंह गुड्डी, जेएन सिंह धर्मपुरी, नितिन भïट्ट, मानस प्रसून, प्रीतपाल सिंह आजमानी, रवि मिश्रा, मिल्टन पार्थसारथी, अमलेश सिंह, निर्मल प्रधान, प्रदीप सिन्हा, स्वरूप भïट्टाचार्य, संतोष साव, प्रवीण झा आदि शामिल थे।

चंद मिनटों में निपटा दिया गया कार्यक्रम: कार्यक्रम 12 बजे से रखा गया था। सांसद कलराज मिश्र एक घंटे विलंब से एक बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचे। वे रांची से मंत्री अमर कुमार बाउरी के साथ हेलीकॉप्टर से आए। हेलीकॉप्टर के समय को देखते हुए चंद मिनटों में ही कार्यक्रम को निपटा दिया गया।

नहीं बोल पाए जेएन सिंह धर्मपुरी: कार्यक्रम में मौजूद जनता मजदूर संघ के कार्यकारी अध्यक्ष जेएन सिंह धर्मपुरी अपनी बात नहीं रख पाए। वे बोलने को उठे लेकिन उससे पहले ही कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा कर दी गई।

पंडितजी को सांसद ने दिया धोती-कुर्ता: कार्यक्रम के बाद मिश्र भोजन करने सांसद पीएन सिंह के घर पहुंचे। भोजन के बाद सांसद ने उनका शॉल अोढ़ाकर सम्मान किया। उन्हें धोती-कुर्ता भी दी। इस पर मिश्र ने कहा- पंडितजी को धोती-कुर्ता दी जा रही है।

श्रमिक नेताओं ने दिए ये सुझाव

“बाघमारा की एरिया एक से पांच तक कोलियरी में ट्रक लोडरों को पीएफ सुविधा दें। उन्हें ठेका मजदूर का दर्जा मिले। ठेका मजदूरों को समान काम का समान वेतन दिया जाए। कोल इंडिया के पास जमा बीसीसीएल का 3000 करोड़ रुपया दिलाया जाए। बीसीसीएल में पूर्णकालिक सीएमडी दिया जाए।”

– केडी पांडेय, संयुक्त महामंत्री, जनता मजदूर संघ

“असंगठित मजदूरों की स्थिति सुधारी जाए। लेबर रिफाम्र्स लागू नहीं हो पाया है। इस पर सरकार ध्यान दे। न्यूनतम वेतन व अधिकतम सुरक्षा जैसे मुद्दों पर काम नहीं हो पाया है। इसे लागू किया जाए।”

– ओम सिंह, अध्यक्ष, भारतीय मजदूर संघ

“खदान में मजदूरों की सुरक्षा पर सरकार ध्यान दे। नियम है लेकिन लागू नहीं हो पा रहा। समय पर मजदूरों को जूता, टोपी नहीं मिलता। खदानों में हवा की कमी जैसी स्थिति में काम हो रहा है। खदानों की सुरक्षा पर ध्यान दें। आउटसोर्सिंग खदानों में चाल धंसने की घटनाएं हो रही।”

– अपर्णा सेनगुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष, जनता मजदूर संघ

“कंपनियों में अधिकारियों की जिम्मेदारी तय हो। कर्मचारियों पर कार्रवाई होती है, अधिकारी बच जाते हैं। कोई आवेदन दिया जाए तो उसे निष्पादित करने की समय सीमा निर्धारित की जाए।”

– अरविंद कुमार सिंह, जनता मजदूर संघ

“बीसीसीएल में करोड़ों गैलन पानी बहा दिया जाता है। उसका सिंचाई व पेयजल में इस्तेमाल हो। अंडरग्राउंड कोलियरी चालू किया जाए। मजदूरों के इलाज को अस्पताल एम्स की तर्ज पर अपग्रेड हो।”