
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (24 फरवरी) 53वीं बार अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात के जरिये देशवासियों को संबोधित कर रहे हैं. मन की बात कार्यक्रम से पहले पीएम मोदी ने ट्वीट करके कहा, ‘आज का मन की बात कार्यक्रम बेहद खास होगा.’ पुलवामा हमले पर पीएम मोदी ने कहा कि भारत-माता की रक्षा में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले देश के सभी वीर सपूतों को मैं नमन करता हूं. यह शहादत, आतंक को समूल नष्ट करने के लिए हमें लगातार प्रेरित करेगी. हमारे संकल्प को और मजबूत करेगी.
14 फरवरी को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ पर हुए आतंकी हमले के बाद पीएम मोदी पहली बार मन की बात कार्यक्रम कर रहे हैं. पीएम मोदी ने कहा कि मन की बात शुरू करते हुए आज मन भरा हुआ है. 10 दिन पहले, भारत-माता ने अपने वीर सपूतों को खो दिया. पुलवामा के आतंकी हमले में वीर जवानों की शहादत के बाद देश-भर में लोगों को और लोगों के मन में, आघात और आक्रोश है.
उन्होंने कहा कि देश के सामने आई इस चुनौती का सामना, हम सबको जातिवाद, संप्रदायवाद, क्षेत्रवाद और अन्य सभी मतभेदों को भुलाकर करना है ताकि आतंक के खिलाफ हमारे कदम पहले से कहीं अधिक दृढ़ हों, सशक्त हों और निर्णायक हों. पीएम मोदी ने कहा कि वीर सैनिकों की शहादत के बाद मीडिया के माध्यम से उनके परिजनों की जो प्रेरणादायी बातें सामने आई हैं, उसने पूरे देश के हौसले को और बल दिया है. उन्होंने कहा कि शहीदों के हर परिवार की कहानी प्रेरणा से भरी हुई हैं. मैं युवा-पीढ़ी से अनुरोध करूंगा कि वे इन परिवारों ने जो जज्बा दिखाया है, जो भावना दिखाई है उसको जानने और समझने का प्रयास करें.