पटाखा व्यवयासी के घर में विस्फोट से तीन मकान ढहे, दस की मौत, तीन लोग घायल

उत्तर प्रदेश के भदोही में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया है। भदोही के चौरी क्षेत्र के रोटहां गांव में एक पटाखा व्यवसायी के घर में विस्फोट हो गया है। पूरा मकान ध्वस्त हो गया है। वहीं, दस लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि तीन लोग घायल हो गए है।

भदोही-बाबतपुर मार्ग पर चौरी क्षेत्र के रोटहां गांव निवासी इरफान मंसूरी पटाखों को बनाने और बेचने का काम करता था। उसने अपने मकान में ही पटाखों की दुकान खोल रखी थी। वहीं, मकान के पिछले हिस्से में कालीन बुनाई का कारखाना चलता था। शनिवार को सुबह 11:40 बजे मकान में भीषण विस्फोट हुआ।

इसमें इरफान (28) और नौ बुनकरों की मौत हो गई। जबकि एक वृद्धा और एक बालक समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने मलबे से सभी लोगों के शव निकाले हैं। विस्फोट में पड़ोसी मुदस्सिर का मकान भी ध्वस्त हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि शवों और मकान में मौजूद सामान के चिथड़े 400 मीटर दूर तक उड़कर गिरे।

आसपास के कई मकानों के शीशे चटक गए और सड़क के दूसरी ओर स्थित 10 फ़ीट ऊंची चहारदीवारी भरभराकर गिर गई। बताया जाता है कि घटना के वक्त कालीन कारखाने में कुछ बुनकर बुनाई का काम कर रहे थे, जिनमें से कई का पता अब तक नहीं चल पाया है। मौके पर पुलिस और प्रशासन मौजूद है।

वहीं, डीआईजी मिर्जापुर पीयूष श्रीवास्तव ने बताया कि रोटहां गांव में पटाखों का कारोबार और लूम का काम होता था। कुल 10 लोग मरे है और घायलों का इलाज कराया जा रहा है। इस मामले की छानबीन के लिए स्पेशल टीम को बुलाया गया है। तहकीकात के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि ये विस्फोट कैसे हुआ है। फिलहाल अब रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म हो चुका है।

उधर घायल एक बुनकर को वाराणसी के बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि लूम में काम करने वाले ज्यादातर बुनकर बंगाल के रहने वाले थे। अभी तक मृत बुनकरों के नाम और पते की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस सभी मृतकों की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है।