बाबा बैद्यनाथ से आशीर्वाद लेकर हेमंत सोरेन ने किया संघर्ष यात्रा का आगाज

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि गोड्डा के मौजूदा सांसद अपने पुराने प्रोफेशन में लौट जाएं। पार्लियामेंट का रास्ता उनके लिए बंद हो गया है।

देवघर परिसदन में बुधवार को जागरण से कहा कि गोड्डा लोक सभा के लिए गठबंधन में कोई समस्या नहीं है, जो समस्या है, उसका समाधान निकल आएगा। यह कोई चुनौती नहीं है। संघर्ष यात्रा के संबंध में कहा कि इसकी सफलता को लेकर कहने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि लोग देखेंगे। चौथे चरण तक अपार समर्थन मिला है। संताल परगना में लोग उससे भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। जिस संकल्प के साथ यह यात्रा शुरू है, वह पूरा होगा।

इसके पूर्व उन्होंने बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना की और कहा कि बाबा का आशीर्वाद लेकर यात्रा का शुभारंभ कर रहे हैं। पंडा धर्मरक्षिणी सभा के कार्यालय में उनका स्वागत किया गया। मौके पर कहा कि यहां की जनता को सुख, शांति मिले। सबके घर में समृद्धि हो। गरीब-अमीर, ऊंच-नीच का भेदभाव नहीं हो। सदियों से एकजुटता के साथ रहते आ रहे हैं, यह परंपरा जीवन काल तक चलती रहे। सबको सम्मान व स्वाभिमान का ख्याल रहे। बाबा से यह प्रार्थना है। साथ ही, बाबा से यह आशीर्वाद भी लेने आए हैं कि जिस क्षेत्र में हम काम करते हैं, उस क्षेत्र में हमसे कोई भूल न हो। इसके बाद उन्होंने सरदार पंडा गुलाबनंद ओझा से भी आशीर्वाद लिया। मौके पर बड़ी संख्या में तीर्थपुरोहित व कार्यकर्ता मौजूद थे।