
खलारी-राय स्टेशन के बीच पोल संख्या 154/8 से154/14 के बीच दो मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना रात दो बजे की है। डाउन लाइन से कोयला लेकर मालगाड़ी गुजर रही थी। 25 डिब्बे गुजरने के बाद अचानक डिब्बा डीरेल हो गए। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि कोयला लदा एक डिब्बा अप लाइन में आ गया। डाउन लाइन के 10 डिब्बे डीरेल हो गए।
पांच मिनट बाद ही अपलाइन में कन्टेनर लदी मालगाड़ी आ गयी। कंटेनर मालगाड़ी के इंजन की पहले से दुर्घटनाग्रस्त डिब्बे से टक्कर हो गई। जिससे कन्टेनर मालगाड़ी के 12 डिब्बे डीरेल हो गए। अप तथा डाउन दोनों लाइन से रेल यातायात बंद हो गया है। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी व खलारी इंस्पेक्टर वहां पहुंचे। घायल रेल ड्राइवर को मेडिका भेज गया। रांची से ग्रामीण एसपी आशुतोष शेखर, खलारी डीएसपी पीके सिंह, रेलवे के सहायक सुरक्षा आयुक्त दीवान शुक्ला सहित रेल रेसक्यू टीम पहुंच गई है। पुलिस घटना का कारण तकनीकी बता रही है। रांची से खोजी कुत्ते को बुलाकर जांच करवाया गया। घटना उग्रवादी है या तकनीकी इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। एफएसएल की टीम भी आ रही है।
कर्षण तार, पोल, लाइन सारा क्षतिग्रस्त हो गया है। रेसक्यू टीम जोर शोर से लगी है। यातायात शुरू होने में 24 घंटे का समय लग सकता है। कोयला लदी मालगाड़ी सिंगरौली से बिलासपुर के मउदा थर्मल पावर जा रही थी। कन्टेनर वाली मालगाड़ी राउरकेला से KFSH जा रही थी। कन्टेनर में कीमती सामान बताया जा रहा है। झारखंड जैगुआर के बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल टीम के इंस्पेक्टर असित कुमार मोदी ने तात्कालिक जांच में किसी तरह के विस्फोट से इन्कार किया है। टीम के द्वारा घटनास्थल से नमूने लिए गए हैं।
रांची के ग्रामीण एसपी आशुतोष शेखर ने कहा है कि अभी तक विस्फोट की कोई बात सामने नहीं आई है। देर रात एक मालगाड़ी डिरेल होकर पटरी से उतर गई थी। थोड़ी देर बाद एक और मालगाड़ी उधर से ही गुजर रही थी जो डिरेल हुई माल गाड़ी से टकरा गई। बम निरोधक दस्ते और एफएसएल की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। प्रारंभिक जांच में अभी तक विस्फोट होने की बात सामने नहीं आई है। हादसे में जिस ट्रेन में डी रेल ट्रेन में टक्कर मारी है उसके दो ड्राइवर घायल हुए हैं। जिन्हें मेडिका अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।