रोहित 50वें तो रैना 500वें शिकार… इंटरनेशनल T20 में अनोखा भारतीय रिकॉर्ड

नई दिल्ली. इंटरनेशनल T20 में हर दिन नए कीर्तिमान बनते हैं और उन कीर्तिमानों में कोई ना कोई रिकॉर्ड भारतीय क्रिकेट से जरूर जुड़ता है. बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में भी एक ऐसा ही अनोखा भारतीय रिकॉर्ड बना है. ये रिकॉर्ड रोहित शर्मा और सुरेश रैना की वजह से बना है . खास बात ये है कि इस रिकॉर्ड की स्क्रिप्ट इनके विकेटों के जरिए लिखी गई है.

रोहित बने 50वें शिकार!

सुरेश रैना के 500 वें शिकार का मतलब आपको समझाए उससे पहले रोहित के 50वें शिकार का मतलब समझिए. रोहित शर्मा ने बांग्लादेश के खिलाफ मैच में 61 गेंदों पर 89 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल रहे. इस पारी के दौरान वो मैच की आखिरी गेंद पर रन आउट हो गए. इंटरनेशनल T20 में ये 50वीं बार है जब कोई भारतीय बल्लेबाज रन रनआउट हुआ है. रोहित शर्मा को बांग्लादेशी फील्डर रूबेल हसन ने रन आउट किया.

रैना बने 500वें शिकार!

रोहित के रन आउट होने वाले 50वें भारतीय बल्लेबाज बनने के बाद अब जरा सुरेश रैना के 500वें शिकार बनने का मतलब भी समझिए. टीम इंडिया में वापसी के बाद बांग्लादेश के खिलाफ मैच में अपना पहला T20 अर्धशतक जड़ने से रैना सिर्फ 3 रन दूर रह गए. उन्होंने तेज तर्रार पारी खेली और 2 छक्कों के साथ 29 गेंदों पर 47 रन बनाए. इसके बाद रूबेल हसन की गेंद पर सौम्य सरकार को कैच दे बैठे. इंटरनेशनल T20 में आउट होने वाले सुरेश रैना 500वें भारतीय बल्लेबाज थे.

अब तक 501*

T20 की इंटरनेशनल पिच पर अब तक कुल 501 भारतीय विकेट गिरे हैं. इनमें 102 बार बल्लेबाज बोल्ड हुए हैं. 29 बार LBW हुए हैं. 312 बार कैच आउट हुए हैं, जिनमें 240 बार फील्डर के हाथों कैच, 55 बार विकेटकीपर के दस्तानों में कैच और 17 बार कॉट एंड बॉल यानी की गेंदबाज के ही जरिए कैच का लिया जाना शामिल है. इसके अलावा 7 बार भारतीय बल्लेबाज इंटरनेशनल T20 में स्टंप हुए हैं, वहीं 50 बार रन आउट जबकि 1 बार हिट विकेट शामिल है. इंटरनेशनल T20 में हिट विकेट होने वाले एकमात्र भारतीय बल्लेबाज लोकेश राहुल हैं. राहुल निदाहस ट्रॉफी में ही श्रीलंका के खिलाफ मैच में हिट विकेट हुए थे.

रोहित- रैना की यारी, बांग्लादेश पर भारी

बांग्लादेश के खिलाफ मैच में आउट होने से पहले रोहित और रैना ने बीच मैदान पर जमकर रन बरसाए थे. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 102 रन की बड़ी साझेदारी की थी. ये इंटरनेशनल T20 में दूसरे विकेट के लिए भारत की चौथी शतकीय साझेदारी थी और इन सब शतकीय साझेदारियों का रोहित शर्मा हिस्सा रहे हैं.