
27 दिसंबर को सलमान खान ने अपना 53वां जन्मदिन मनाया था। इस समय सलमान अपनी आने वाली फिल्म ‘भारत’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म को लेकर उनके फैंस बेहद उत्साहित हैं। अभी कुछ दिन पहले ही इस फिल्म का टीजर रिलीज हुआ था जिसमें ये बताया गया कि यह इस साल ईद पर रिलीज होगी। इस बीच सलमान खान को एक बहुत बड़ी फिल्म के लिए सुपरहीरो के रोल का ऑफर दिया गया लेकिन उन्होंने एक खास वजह का हवाला देकर इस फिल्म को करने से मना कर दिया।

डायरेक्टर रोहित धवन अपनी एक सुपरहीरो वाली फिल्म के लिए हीरो तलाश रहे हैं। इस फिल्म की स्क्रिप्ट भी तैयार है लेकिन उन्हें फिल्म के लीड रोल के लिए अभिनेता ही नहीं मिल रहा है। पहले रितिक रोशन ने इस फिल्म के लिए इनकार कर दिया और अब सलमान खान ने भी इस फिल्म को करने के लिए मना कर दिया है।
डेक्कन क्रॉनिकल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान खान को लगता है कि वो एक सुपरहीरो का किरदार निभाने की उम्र में नहीं हैं। भले ही सलमान खान तीनों खान में सबस छोटे हों लेकिन उनकी उम्र 54 साल हो चुकी है और उन्हें लगता है कि इस उम्र में वो सुपरहीरो का किरदार नहीं निभा पाएंगे और न ही किरदार के साथ न्याय ही कर पाएंगे।
इस फिल्म को लेकर खबर आई थी सलमान के दोस्त साजिद नाडियाडवाला इस फिल्म को बना रहे हैं तो सकता है कि वह इस फिल्म को करने के लिए राजी हो जाएं लेकिन ऐसा नहीं हुआ है।
सलमान खान के पास इस समय फिल्मों की कमी नहीं हैं। ‘भारत’ की शूटिंग खत्म करने के बाद वो ‘दबंग 3’ के लिए काम शुरू कर देंगे। इसके बाद ‘किक 2’ भी बनने वाली है। सलमान एक और कोरियन फिल्म वेटरन के हिंदी रीमेक में भी काम करने की सोच रहे हैं।