राहुल गांधी रायपुर पहुंचे, किसान आभार सम्मेलन में होंगे शामिल

किसान आभार सम्मेलन में भाग लेने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी रायपुर पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया और अन्य नेताओं ने उनकी अगवानी की। एयरपोर्ट लाउंज में लंच के बाद राहुल हेलीकाप्टर से सभा स्थल के लिए रवाना होंगे ।

आपको बता दें कि नया रायपुर के अटलनगर स्थित राज्योत्सव मैदान में किसान आभार सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 207 करोड़ की सिंचाई कर राशि माफ करने की घोषणा की। इस आभार सम्मेलन में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी किसानों को ऋण मुक्ति पत्र बाटेंगे। इसी के साथ कांग्रेस छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के लिए हुंकार भरेगी। मुख्यमंत्री बघेल ने बताया कि किसानों की 15 वर्षों से लंबित सिंचाई कर की बकाया राशि को मिलाकर अक्टूबर 2018 तक का सिंचाई कर भी माफ किया जाएगा। इससे 15 लाख किसानों को राहत मिलेगी। रबी फसलों के लिए बंद सिंचाई सेवाओं को तत्काल प्रभाव से प्रारंभ करने का निर्णय लिया है।

राहुल गांधी के इस कार्यक्रम को कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन के रुप में देखा जा रहा है। सम्मेलन में 10 हजार से ज्यादा किसानों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है।