लोहड़ी पर बनाएं पंजाब की खास मिठाई आटे की पिन्नी

लोहड़ी के त्योहार पर कुछ पारंपरिक व्यंजन बनाकर त्योहार का मजा बढ़ाना चाहती हैं, तो आज आपके लिए पेश है आटे की पिन्नी की रेसिपी। ट्रेडिशनल पंजाबी पिन्नियों के बिना यह त्योहार फीका सा लगता है। इसे सर्दी के मौसम में अवश्य खाना चाहिए क्योंकि यह मिठाई हमें सर्दी के मौसम में होने वाली कई बीमारियों से बचाती है।

सामग्री:

गेहूं का आटा– 1/2 किलो
पिसी हुई चीनी/गुड़– 250 ग्राम
देसी घी- 250 ग्राम
मावा- 250 ग्राम
खाने वाला गोंद– एक चौथाई कप
बादाम– टूटी हुई 1/3 कप
पिस्ता- 1/4 कप
किशमिश– ¼ कप

विधि :
गोंद को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड कर एक कड़ाही में धीमी आंच पर गर्म घी में तल लें। जब गोंद फूलने लगे, तब इसे कड़ाही से निकालकर एक तरफ ठंडा होने के लिए रख दें।

अब बचे घी में आटा डालकर कुछ देर भूनें और इसमें कटे हुए मेवे भी मिलाकर कुछ देर के लिए भूनें। जब आटे के सिंकने की खुशबू आने लगे तो गैस ऑफ कर दें और कुछ देर तक लगातार चलाते रहें, ताकि आटा नीचे लगकर जल ना जाए। अलग से मावा भी सुनहरा होने तक भून लें।

भुनी हुई गोंद को दरदरा कूट लें। अब जब आटा इतना गर्म रह जाए कि पिसी चीनी/गुड़ डालने पर पिघले नहीं, तो इसमें बूरा चीनी, गोंद व मावा अच्छी तरह मिलाएं और हाथ में घी लगाकर मनचाहे आकार में गोल लड्डू बना लें।