
भारतीय सेना ने सिक्किम के नाथू ला में हुए भारी हिमपात में फंसे 2500 पर्यटकों को बचाया है. ये सभी लोग इस इलाके में 400 से ज्यादा वाहनों में फंसे थे. इन सभी को खाना, शेल्टर और मेडिकल सुविधा मुहैया कराई गई है. बता दें कि शुक्रवार को सिक्किम हुई बर्फबारी में कई पर्यटक फंस गए थे.
सेना ने ट्विटर पर जानकारी देते हुए लिखा, ‘भारतीय सेना ने सिक्किम के नाथू ला में 400 से ज्यादा वाहनों में फंसे पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया है. इन सभी को मेडिकल, खाना और शेल्टर (आवास) उपलब्ध कराया गया है.’
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर में लाचेन और लाचुंग, दक्षिण में राव रावला और पूर्वी सिक्किम में हनुमान टोंक क्षेत्र में ऊपरी इलाकों में बर्फबारी हुई. बर्फबारी का आनंद लेने के लिए पर्यटक अपने होटलों और वाहनों से सड़कों पर निकलते देखे गए.
राज्य के विभिन्न हिस्सों में दोपहर के समय हल्की, बारिश और ओलावृष्टि से मौसम बदल गया. मौसम विभाग ने बताया कि बारिश के बाद गंगटोक में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया.