कांकेर : गढ़पिछवाड़ी में अज्ञात बीमारी से मवेशियों की मौत

 मुख्यालय से लगे गढ़पिछवाड़ी गांव में एक बार फिर अज्ञात बीमारी से मवेशियों के मौत का मामला सामने आया है। मंगलवार की शाम नईदुनिया की टीम ग्राम गढ़पिछवाड़ी पहुंची तो बाइपास रोड के पास एक खेत में दो मवेशियों की मौत एक साथ हो गई थी। जिसमें एक गाय और एक बछड़ा था और दोनों का शव पास-पास में रखे हुये थे।

इस संबंध में वहीं रहने वाली राज भंडारी ने बताया कि सुबह गाय व बछड़ा ठीक हालत में थे। मगर एकाएक गिरकर मर गए। ग्रामीणों ने मंगलवार को हुए इस घटना की सूचना पशु चिकित्सा विभाग को नहीं दी और दोनों मवेशियों का अंतिम संस्कार कर दिया।

इधर गांव के युवा सरपंच तरेंद्र भंडारी से पूछे जाने पर बताया कि अभी किसी मवेशी के मरने की सूचना ग्रामीणों ने मुझे नहीं दी है। लगभग डेढ़ माह पूर्व कुछ मवेशी एकाएक मौत का शिकार हुए थे। उस समय एकाएक गश खाकर मवेशी गिर जाते और कुछ देर में मौत हो जाती थी। इस घटना से उस समय पशु पालकों और ग्रामीणों में भय का माहौल था।