बदलते लाइफस्टाइल और काम के चक्कर में लोग अपनी सेहत को नजरअंदाज करते हैं। लगभग 70 फीसदी लोग पेट में गैस की समस्या से परेशान हैं। इसकी वजह से पेट दर्द, सिर दर्द या फिर मन भारी लगने लगता है। आमतौर पर लोग इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए गर्म पानी में हींग, अजवाइन और काला नमक मिलाकर पीते हैं। इस घरेलू नुस्खे से परेशानी उस वक्त तो ठीक हो जाती है, पर अगर आप इसका पर्मानेंट इलाज करना चाहते हैं तो आपको अपनी कुछ आदतों को बदलना होगा।
1. घर का खाना खाएं
अगर आप किसी वजह से बाहर का खाना खाने के लिए मजबूर हैं तो कोशिश करें कि कम से कम मसालेदार खाना खाएं। ज्यादा स्पाइसी खाना खाने से परहेज करें। ऐसा इसलिए क्योंकि सबसे पहली बात बाहर का खाना पौष्टिक नहीं होता और न ही ये खाना साफ-सफाई से बनाया जाता है। इसके अलावा इसे पकाने के लिए जिस तेल और मसालों को इस्तेमाल किया जाता है उनकी वजह से इसे पचाना थोड़ा मुश्किल होता है। कब्ज की वजह से ही पेट में गैस बनने लगती है। इसलिए अगली बार अगर किसी कारणवश आपको खाना बाहर खाना भी पड़े तो कोशिश करें कुछ लाइट फूड ही खाएं।
2. दवाइयां
अगर आप किसी परेशानी के चलते एंटीबायोटिक दवाइयां लेते हैं, तो बता दें इनसे भी पेट में गैस बनने की परेशानी होती है। दरअसल, इन दवाइयों को खाने से पेट की पाचन शक्ति दुरुस्त रखने वाले ‘गुड बैक्टीरिया’ की तादाद कम हो जाती है, जिस वजह से खाना सही से पच नहीं पाता और गैस की परेशानी सताने लगती है। अगर आपका पेट किसी भी कारणवश सफा नहीं हो पाता है तो गैस्ट्रिक की परेशानी होनी तय है। ऐसे में आप अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें, ताकि वह आपकी परेशानी दूर करने का उपाय बता सके।
3. खाना चबाकर खाएं
बहुत सारे लोग ऐसे होते हैं जो खाने को अच्छी तरह नहीं चबाते और यूं ही निगल लेते हैं। ऐसा करना सहीं नहीं होता। इससे हमारे शरीर को खाना पचाने में काफी दिक्कत होती है। ऐसे में भी पेट में गैस बनने लगती है। इसलिए आज से ये बात गांठ बांध लें, जब भी कुछ खाएं तो अच्छे से चबा-चबाकर ही खाएं। खाना खाने में कभी भी हड़बड़ी न करें।