
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टेस्ट मैच रविवार को रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया। ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे दिन के खेल की समाप्ति के समय तक दूसरी पारी में 48 ओवरों में 4 विकेट पर 132 रन बना लिए हैं। उस्मान ख्वाजा 41 और कप्तान टिम पेन 8 रन बनाकर क्रीज पर हैं। इस तरह ऑस्ट्रेलिया की कुल बढ़त 175 रनों की हो चुकी है जबकि उसके 6 विकेट शेष हैं। इससे पहले विराट कोहली के शतक (123) के बावजूद भारत की पहली पारी 283 रनों पर सिमटी और वह पहली पारी में 43 रनों से पिछड़ी।
ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी की शुरुआत अच्छी रही और तीसरे दिन दूसरे सत्र में भारतीय गेंदबाजों को कोई सफलता नहीं मिल पाई। शमी द्वारा डाले गए पारी के 13वें ओवर की पहली गेंद फिंच की उंगली पर लगी और उन्हें फिजियो को बुलाना पड़ा और इसी के साथ टी की घोषणा कर दी गई। फिंच (25 रन) को चोट लगी जिसके चलते वे रिटायर्ड हर्ट हुए और टी के बाद बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे। हैरिस 20 रन बनाकर बुमराह की गेंद को लेफ्ट करने के दौरान बोल्ड हो गए। शॉन मार्श 5 रन बनाकर शमी की गेंद को पुल करने के प्रयास में विकेटकीपर पंत को कैच थमा बैठे। ईशांत ने इसके बाद पीटर हैंड्सकॉम्ब (13) को एलबीडब्ल्यू किया। ट्रेविस हेड ने शमी की गेंद पर थर्डमैन पर ईशांत को कैच थमाया।
इसके पूर्व सुबह भारत ने 172/3 से आगे खेलना शुरू किया। सुबह आउट होने वाले पहले बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे रहे जो 51 रन बनाकर आउट हुए। रहाणे अपने कल के स्कोर में एक भी रन नहीं जोड़ पाए। वहीं हनुमा विहारी 20 रन बनाकर हेजलवुड की गेंद पर विकेट कीपर के हाथों कैच आउट हुए।
विराट 2018 में सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने अब तक 12 टेस्ट मैच खेले हैं और 60.35 के औसत से 1211 रन बनाए हैं। इसमें पांच शतक और पांच अर्द्धशतक लगाए। भारत मजबूत स्थिति में नजर आ रहा था कि अचानक पहले सत्र के अंत में उसने 3 गेंदों में 2 विकेट गंवाए और उसकी स्थिति खराब हो गई। कोहली की शतकीय पारी का अंत पेट कमिंस ने किया जब उनकी गेंद पर पीटर हैंड्सकॉम्ब ने दूसरी स्लिप में उनका कैच लपका। यह मामला इतना नजदीकी था कि फैसले के लिए तीसरे अंपायर की मदद लेनी पड़ी। कोहली ने 257 गेंदों का सामना कर 13 चौकों और 1 छक्के की मदद से 123 रन बनाए। लियोन ने अगले ही ओवर की दूसरी गेंद पर मोहम्मद शमी को विकेटकीपर पेन के हाथों झिलवाया और भारत को सातवां झटका लगा।