
भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच पर्थ में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर रही है। समाचार लिखे जाने तक कंगारू टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 135 रन बना लिए हैं। क्रीज पर दो नए बल्लेबाज शॉन मार्श (2) और पीटर हैंड्सकॉम्ब (1) टिके हुए हैं।
बुमराह ने तोड़ी साझेदारी
पहले टेस्ट में नाकाम रहे सलामी बल्लेबाज फिंच से पर्थ टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को बड़ी उम्मीद थी। जिस पर खरा उतरते हुए उन्होंने न सिर्फ अपनी टीम को ठोस शुरुआत दिलाई बल्कि संयमित बल्लेबाजी करते हुए 150 गेंदों में 50 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 6 चौके जड़े। यह उनके टेस्ट क्रिकेट करियर का दूसरा अर्धशतक है।
पहले विकेट के लिए फिंच ने हैरिस के साथ मिलकर 112 रन की साझेदारी की। अर्धशतक पूरा करने के बाद फिंच सिर्फ 2 गेंदें ही खेल सके और जसप्रीत बुमराह का शिकार बन गए। वह बुमराह की गेंद को क्रीज पर पड़ने के बाद भांप नहीं पाए और एलबीडब्ल्यू आउट हो गए।
लंच ब्रेक तक मेजबान टीम का पलड़ा भारी
लंच ब्रेक तक मेजबान ऑस्ट्रेलियाई टीम का पलड़ा भारी रहा। ऑस्ट्रेलिया ने सधी हुई शुरुआत का भरपूरा फायदा उठाया। पारी का आगाज करने आए आरोन फिंच और मार्कस हैरिस ने बिना हड़बड़ी के बल्लेबाजी की। नतीजतन लंच तक मेजबान टीम ने बिना कोई विकेट खोए 66 रन बनाए।
बता दें कि यह मुकाबला पर्थ के वाका की जगह नवनिर्मित ऑप्टस स्टेडियम की तेज और उछाल वाली पिच पर हो रहा है। ऑप्टस स्टेडियम टेस्ट क्रिकेट का 117वां मैदान है। यह ऑस्ट्रेलिया का 10वां टेस्ट क्रिकेट स्टेडियम है, साथ ही पर्थ में वाका के बाद यह दूसरा स्टेडियम है।