
पहली बार ऑस्ट्रेलिया में ऐतिहासिक सीरीज जीत का सपना लेकर आई भारतीय क्रिकेट टीम ने दस साल में पहली टेस्ट जीत हासिल की। इस हार से बौखलाई ऑस्ट्रेलियाई टीम ने डीआरएस पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। 
कंगारू कप्तान टिम पेन ने डीआरएस पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि ऑस्ट्रेलिया को कई विकेट डीआरएस की वजह से नहीं मिले। पेन की माने तो, ‘डीआरएस सटीक सिस्टम नहीं है। ये बेहद ही झुंझलाहट पैदा करता है। हालांकि यह एक ऐसी चीज है जिस पर आप ज्यादा कुछ नहीं कर सकते।’
एडिलेड टेस्ट के दौरान स्पिनर नाथन लियोन के 3 विकेट डीआरएस के बाद पलटे गए। यही देखने के बाद टिम पेन ने बॉल ट्रैकिंग टेक्नोलॉजी पर ही सवाल खड़े कर दिए। टिम पेन ने कहा, ‘बॉल ट्रैकिंग में कई गेंदें स्टंप्स के ऊपर से जाती दिखीं, लेकिन लाइव मैच में ऐसा नहीं लग रहा था।’
टिम पेन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पर्थ में वापसी का भरोसा जताया। उन्होंने कहा ‘अगर आप अच्छी टीम बनना चाहते हो तो आपको ऐसी टीम बनना होगा जिसे हराना मुश्किल होता है और आज हमने ऐसा किया। हमने भारत को जीत के लिये काफी संघर्ष करवाया। मुझे लगता है कि उन्होंने जितना सोचा था हमने उन्हें उससे ज्यादा मेहनत करवाई।’
बताते चलें कि भारतीय टीम के 323 रनों के लक्ष्य के जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 291 रन पर ऑल आउट हो गई और पहला टेस्ट मैच हार गई। इस जीत के साथ ही भारत 4 टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे हो गया।
इसी के साथ विराट कोहली भारत के पहले कप्तान बन गए जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया में सीरीज का पहला ही टेस्ट मैच जीतने का कारनामा किया। ऑस्ट्रेलिया में खेली पिछली 11 टेस्ट सीरीज में भारत ने पहला टेस्ट मैच कभी नहीं जीता था। साथ ही आपको बता दें एडिलेड में भारत ने 15 साल बाद जीत दर्ज की है।