2018 की विदेशी धरती पर 3 बड़ी जीत, सभी में यह बल्लेबाज रहा ‘सूत्रधार’

एडिलेड ओवल मैदान पर 2003 में मिली जीत को दोहराते हुए टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया में 10 साल का सूखा खत्म कर दिया है. भारत ने ऑस्ट्रेलिया में इससे पहले 2008 में अनिल कुंबले की कप्तानी में पर्थ में टेस्ट मैच जीता था. वहीं, 15 साल पहले यानी 2003 में सौरव गांगुली की कप्तानी में भारत ने एडिलेड में पहली बार टेस्ट मैच जीता था. 4 मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 31 रनों से मात दी और सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. 

इस जीत के साथ ही विराट कोहली और टीम इंडिया के खाते में एक नया रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है. इस जीत के साथ विराट कोहली पहले ऐसे एशियाई कप्तान और टीम इंडिया पहली ऐसी एशियाई टीम बन गई है, जिसने दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में एक कैलेंडर ईयर में जीत हासिल की है. 

विराट कोहली: एशिया का पहला कप्तान, जिसने अफ्रीका-इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में दर्ज की जीत

भारत के लिए बल्लेबाजी में चेतेश्वर पुजारा ने अहम भूमिका निभाई. उन्होंने पहली पारी में 123 और दूसरी पारी में 71 रनों का स्कोर बनाया और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार से नवाजा गया. भले ही इस मैच  के हीरो चेतेश्वर पुजारा रहे हों, लेकिन दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में जीत के असली ‘सूत्रधार’ अजिंक्य रहाणे रहे हैं.

अजिंक्य रहाणे ने भारत में अपना पहला टेस्ट शतक जड़ने से पहले विदेशों में 5 शतक जड़ दिए थे. यही वजह है कि अजिंक्य रहाणे को विदेशों में टेस्ट स्पेशलिस्ट कहा जाता है. पिछले एक साल से भले ही रहाणे कुछ खास परफॉर्म ना कर पा रहे हों लेकिन उन्होंने खुद को साबित किया है.

एडिलेड में टेस्ट मैच जीतने के बाद विराट कोहली और टीम इंडिया ने जो खास रिकॉर्ड बनाया है. उसमें अजिंक्य रहाणे की भूमिका महत्वपूर्ण रही है. दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में जीते गए तीनों टेस्ट मैचों में अजिंक्य रहाणे का योगदान सराहनीय रहा है.

जनवरी, 2018 में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर भारत ने जोहानिसबर्ग टेस्ट 63 रनों से जीता था. इस मैच में अजिंक्य रहाणे ने महत्वपूर्ण 48 रनों की पारी खेली थी. इसके बाद इंग्लैंड दौरे पर अगस्त में भारत ने नॉटिंघम टेस्ट 203 रनों से जीता था. इस टेस्ट मैच में रहाणे ने 131 गेंदों में 81 रनों की पारी खेली थी, जो भारत की जीत में महत्वपूर्ण साबित हुई थी. 

अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में खेले गए पहले टेस्ट मैच में अजिंक्य रहाणे ने अहम 70 रनों का योगदान दिया. उन्होंने दूसरी पारी में चेतेश्वर पुजारा के साथ जरुरी साझेदारी की, जिसकी वजह से भारत दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया को 323 रनों का बड़ा टारगेट दे पाया. 

मैच जीतने के बाद टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे की सराहना की. कोहली ने कहा, ‘‘पुजारा ने अमूल्य पारी खेली. उनके धैर्य और प्रतिबद्धता से हमने वापसी की. हम जानते थे कि अच्छा स्कोर मेजबान टीम को संकोची बना देगा. कोई भी बढ़त महत्वपूर्ण होती और हमने 15 रन की बढ़त ली. इसके बाद दूसरी पारी में उन्होंने और अजिंक्य रहाणे ने शानदार बल्लेबाजी की.’’