इटली : नाइट क्लब में पेपर स्प्रे से मची भगदड़, छह मरे
December 9, 2018, 11:48 AM
मध्य इटली में एनकोना के पास एड्रिएटिक तट पर एक नाइटक्लब में भगदड़ मचने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। दमकल विभाग के मुताबिक तेज गंध वाले किसी पदार्थ के फैलने से क्लब में भगदड़ मची, जिसमें दर्जनों लोग घायल हुए हैं।
1000 लोग मौजूद थे रैप गायक फेरा एबास्ता की परफॉर्मेंस के लिए
यह घटना अंतरराष्ट्रीय समयानुसार देर रात उस वक्त हुई जब एड्रिएटिक तट स्थित ब्लू लैंटर्न क्लब में इटली के रैप गायक फेरा एबास्ता की परफॉर्मेंस के लिए करीब 1,000 लोग मौजूद थे। स्थानीय खबरों के मुताबिक, क्लब के अंदर किसी ने पेपर स्प्रे (मिर्च स्प्रे) का इस्तेमाल किया था, जिसके बाद वहां भगदड़ मच गई और लोगों को क्लब से निकलने में परेशानी हुई।
एक-दूसरे को कुचलते हुए बाहर निकलने की कोशिश करने लगे लोग
ऐसे में लोग एक-दूसरे को कुचलते हुए बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। अस्पताल ले जाए गए 16 साल के एक किशोर ने बताया कि हम नाच रहे थे और कॉन्सर्ट शुरू होने का इंतजार कर रहे थे, तभी हमें वहां कोई तेज गंध महसूस हुई। उसने कहा, हम आपातकालीन गेट की ओर दौड़े, लेकिन वहां जाम होने के कारण बाउंसरों ने हमें वापस जाने को कहा। इस बीच घुटन के चलते कई लोग बेहोश होने लगे। मुझे भी होश में आने पर पता चला कि मैं जीवित हूं।