
बॉलीवुड में रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की शादी के बाद प्रियंका चोपड़ा की शादी का जश्न शुरू है. शादी की रस्में पिछले दिनों प्रियंका के मुंबई वाले घर में गणेश पूजा के साथ से शुरू हुई थीं. इसके बाद चोपड़ा और जोनस परिवार, शादी के लिए जोधपुर पहुंचा. तमाम मेहमान भी एक एक कर शादी के लिए जोधपुर पहुंच चुके हैं. इनमें कई हॉलीवुड स्टार भी हैं.
शनिवार को प्रियंका की मेहंदी, संगीत की रस्म के साथ जोधपुर में जश्न शुरू हुआ. 1 दिसंबर को प्रियंका और निक जोनस की शादी क्रिश्चियन परंपरा के मुताबिक हुई. अब दोनों पति पत्नी हैं.
आज यानी 2 दिसंबर को प्रियंका-निक भारतीय परंपरा में शादी करेंगे. भारतीय परंपरा से होने जा रही शादी की रस्में जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में ही होने जा रही हैं. शादी के लिए शाम 5 बजे का समय रखा गया है.
स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक बेंगलुरु के पंडित चंद्रशेखर शर्मा, प्रियंका की शादी विधि-विधान से कराएंगे. मूलत: वे राजस्थान के पाली जिले के राणावास के रहने वाले हैं. पंडित चंद्रशेखर शर्मा के साथ 5 लोगों की टीम इस समय उम्मेद भवन पैलेस में मौजूद है जो पूरी शादी का काम-काज देख रही है. बताते चलें कि चंद्रशेखर शर्मा को उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे आकाश अंबानी और बेटी ईशा अंबानी की शादी कराने का जिम्मा सौंपा गया है.
रविवार को होने जा रही प्रियंका की शादी में बॉलीवुड से कई सेलेब्स के पहुंचने की उम्मीद की जा रही है.
बता दें कि शनिवार के दिन हुई रस्मों के बाद पार्टी में 150 तरह के व्यंजन मेहमानों के लिए परोसे गए. इसमें राजस्थानी व्यंजन भी हैं. पार्टी में मानसी स्कॉट, शेनॉन परेरा के बैंड ने लाइव परफॉर्मेंस भी दी.