मिताली राज से विवाद के बाद रमेश पोवार की ‘छुट्टी’, महिला टीम को मिलेगा नया कोच

भारतीय ​महिला क्रिकेट की सीनियर खिलाड़ी मिताली राज से विवाद के बाद महिला क्रिकेट टीम के अंतरिम कोच रमेश पोवार की छुट्टी होना तय है। जानकारी के अनुसार बता दें कि उनका करार शुक्रवार 30 नवंबर को खत्म हो गया। वहीं महिला टी20 विश्व कप में भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद पोवार का करार बढ़ाए जाने की संभावना थी, लेकिन मिताली से उनके मतभेद सामने आने के बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने इस संभावना को लगभग खत्म कर दिया है।

यहां हम आपको बता दें कि बीसीसीआई ने टीम के नए कोच के लिए आवेदन मंगवाए है। बता दें कि  वह किसी पुरुष क्रिकेटर को ही यह जिम्मेदारी सौंपना चाहता है। इसके अलावा बीसीसीआई सूत्रों की माने तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खुद को साबित कर चुके टॉम मूडी, डेव वॉटमोर और वेंकटेश प्रसाद ऐसे नाम है, जिन पर बोर्ड विचार कर रहा है। इसके साथ ही बीसीसीआई वेस्टइंडीज में हुए आईसीसी महिला विश्व टी20 के दौरान मिताली और कोच पोवार के बीच मतभेद जैसी स्थिति फिर नहीं चाहता है। 

गौरतलब है कि इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में मिताली को बाहर रखने के कारण विवाद पैदा हुआ था। वहीं इस मैच में भारत को इंग्लैंड ने उस मैच में आठ विकेट से हराया। जिसके बाद मिताली राज ने आरोप लगाया कि कोच रमेश पोवार उन्हें बर्बाद करना चाहते हैं जबकि कोच ने उनके रवैये पर सवाल उठाये थे। इसके साथ ही बता दें कि पोवार की नियुक्ति अगस्त में हुई थी जब तुषार अरोठे ने सीनियर खिलाड़ियों के साथ मतभेद के कारण पद छोड़ दिया था। अब नए कोच के लिए 20 दिसंबर को मुंबई स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में इंटरव्यू होगा। यह नियुक्ति पूर्णकालिक होगी और अनुबंध दो साल के लिए होगा। यहां बता दें कि बोर्ड के अनुसार उम्मीदवार की उम्र 60 साल से कम होनी चाहिए।