
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली की बल्लेबजी और क्रुणाल पांड्या की घातक गेंदबाजी की दम पर भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरा टी20 मुकाबला छह विकेट से अपने नाम किया। टीम इंडिया की इस जीत के सबसे बड़े नायक क्रुणाल पांड्या को मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया।
भारत की इस जीत के बाद स्पिन ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या ने कहा कि वह पूरी तरह तैयार थे। बता दें कि क्रुणाल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम के 4 विकेट अपने नाम किए।
क्रुणाल ने 4 ओवर में 36 रन दिए और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी को जड़ से उखाड़ दिया। क्रुणाल ने डार्सी शॉर्ट, ग्लेन मैक्सवेल, बेन मेकडरमट समेत एलेक्स केरी का विकेट चटकाकर भारत को जीत के मंच तक पहुंचाने का काम किया।
क्रुणाल के इस उम्दा प्रदर्शन की बदौलत टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हरा दिया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली इस जीत के बाद क्रुणाल ने कहा, ‘मैं अपने प्रदर्शन से काफी खुश हूं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए पहले मुकाबले में मेरी जमकर पिटाई हुई। इसके बाद मैंने अपने गेंदबाजी पर ध्यान दिया और यहां के लिए अलग तरह की रणनीतियं तैयार की। मैंने जिन भी खिलाड़ियों को आउट किया वे सभी मेरे फेवरेट थे।’