नवनिर्वाचित पार्षदों को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दी नसीहत

देहरादून। धर्मपुर विधानसभा से नवनिर्वाचित कांग्रेस के 12 पार्षदों ने महापौर पद के प्रत्याशी व पूर्व काबीना मंत्री दिनेश अग्रवाल के नेतृत्व में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह से उनके निवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस मौके पर प्रीतम सिंह ने पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए अपने क्षेत्र में विकास करने की नसीहत दी।

प्रीतम सिंह ने पार्षदों की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि पार्षदों को अपने-अपने वार्डों में विकास कार्यों में रचनात्मक भूमिका निभानी होगी। क्योंकि उनके वार्ड की जनता ने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुनकर नगर निगम बोर्ड में भेजा है। 

महापौर के प्रत्याशी व धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक दिनेश अग्रवाल के विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के 22 पार्षद प्रत्याशियों में से 12 ने जीत दर्ज की। जबकि, अन्य 78 अन्य वार्डों में से कांग्रेस केवल 22 वार्डों में ही जीत दर्ज कर पाई। 

निर्वाचित पार्षदों में रीठामंडी से इत्तात खान, लक्खीबाग से आयुष गुप्ता, लोहियानगर से मुक्कीम अहमद, टर्नर रोड से रमेश कुमार, भारूवाला से राजेश परमार, रेस्ट कैंप से अर्चना कपूर, मोथरोवाला से मामचंद वर्मा, सेवलाकलां मनीष कुमार, पित्थूवाला हरिप्रसाद भट्ट, मेहूंवाला-एक से रोजीना, मेहूंवाला-दो से ऊषा मल्ला व मोहब्बेवाला से मोहन गुरुंग शामिल थे।