
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) विजय कुमार देव को दिल्ली का नया चीफ सेक्रेटरी बनाया गया है। विजय देव एजीएमयूटी कैडर के 1987 बैच के आइएएस अधिकारी हैं। 22 नवंबर को गृह मंत्रालय की स्वीकृति पर मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव गोविंद मोहन ने इस बारे में आदेश जारी कर दिए हैं। माना जा रहा है कि विजय देव सोमवार को दिल्ली सरकार में बतौर चीफ सेक्रेटरी ज्वाइन कर सकते हैं। 
विजय कुमार देव अपनी तेजतर्रार कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। वह दिल्ली में दिल्ली परिवहन निगम के चेयरमैन, दिल्ली के मंडलायुक्त के साथ अन्य भी महत्वपुर्ण पदों पर रह चुके हैं। नियुक्ति से पहले ही सत्ता के गलियारों में यह सवाल गूंजने लगा है कि क्या विजय कुमार देव की AAP सरकार के मुखिया अरविंद केजरीवाल से निभेगी?
तकरीबन चार साल पहले 24 दिसंबर, 2014 को दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पद से विजय देव का तबादला चंडीगढ़ हो गया था। उन्हें चंडीगढ़ प्रशासक का सलाहकार बनाया गया था। चंडीगढ़ में वह इस पद पर 1 साल 2 महीने 17 दिन रहे थे। इसके बाद इनका तबादला केंद्र सरकार में हो गया था।