BJP नेता बोले- ‘सरकार के लिए PDP-NC ने पड़ोसी मुल्क के इशारों पर किया ये काम’

दिल्ली: जम्मू कश्मीर में सियासी घमासान मचा जारी है. राज्य में सरकार बनाने को लेकर चली उठा-पटक के बीच राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने विधानसभा को भंग कर दिया है. बीजेपी के वरिष्ठ नेता राम माधव ने कहा कि यह संभव है कि जम्मू-कश्मीर में नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी को सीमा पार से सरकार बनाने के लिए निर्देश मिले हों और इसलिए वे सरकार बनाने जा रहे हैं.

राम माधव ने कहा कि राज्यपाल हाउस की फैक्स मशीन काम नहीं कर रही थी. इसका जवाब सिर्फ गवर्नर ही दे सकते हैं. उन्होंने कहा कि मैडम महबूबा का यह बहाना है क्योंकि उन्होंने पत्र में कभी दावा नहीं किया कि वह सरकार बनाएगी. उन्होंने कहा कि मैं आऊंगी और देखूंगी और सरकार बनाने का दावा पेश करूंगी. यह सब नाटक था.

बीजेपी नेता राम माधव ने कहा कि बीजेपी ने अपनी तरफ से सरकार बनाने की इच्छा कभी जाहिर नहीं की. उन्होंने कहा कि हमने कब ऐसा दावा किया कि हम सरकार बनाने जा रहे हैं? हमने हमेशा कहा कि हमें आगे बढ़ने के लिए राज्यपाल शासन की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि ये वही दल हैं जो राज्य में एक अनैतिक गठबंधन तैयार करना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि पीडीपी और एनसी वही दल हैं, जिन्होंने पिछले महीने निकाय चुनावों का बहिष्कार किया था, क्योंकि उन्हें सीमा पार से ऐसा करने के निर्देश मिले थे.

बीजेपी राष्ट्रीय सचिव ने कहा कि जो भी कारण हों, जो फैसला उनके द्वारा किया गया है, उसी के चलते राज्यपाल ने अपना निर्णय लिया है. आपको बता दें कि पीडीपी ने जैसे ही राज्यपाल सत्यपाल मलिक के पास राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया उसके कुछ घंटे बाद ही राज्यपाल ने विधानसभा भंग कर दी थी. सूत्रों के मुताबिक, इसके चलते जम्‍मू में सुबह बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक बुलाई गई है. सूत्रों की मानें तो, सुबह करीब 11 बजे ये मीटिंग होनी है. वहीं, सुबह 10 बजे राज्‍य की पूर्व मुख्‍यमंत्री महबूबा मुफ्ती के आवास पर पार्टी के सभी नेताओं की अहम बैठक बुलाई गई है.