
अमृतसर। जिले के राजासांसी क्षेत्र के अादिवाल गांव के निरंकारी भवन में चल रहे सत्संग में बम धमाका हुआ है। तीन युवकों ने सत्संग के दौरान वहां पहुंचे और ग्रेनेड नुमा बम फेंक दिया। यह मंच के पास फट गया। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई। 20 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। इस निरंकारी भवन में हर रविवार प्रवचन सभा का आयोजन होता है। तीनों युवक बाइक पर आए थे और बम फेंककर फरार हो गए। धमाके के बाद वहां अफरातफरी व भगदड़ मच गई। घटना के बाद पंजाब में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
बाइक पर आए तीन युवकों ने निरंकारी भवन में चल रहे सत्संग पर ग्रेनेड फेंका, पूरे पंजाब में हाई अलर्ट
इस धमाके में आतंकियों का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। बता दें कि कुछ दिन पहले सीमा पार से छह-सात आतंकियों के पंजाब में घुसने की खबर थी। धमाके में कश्मीरी आतंकी जाकिर मूसा का हाथ हाेने की भी आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और जांच में जुट गई है। फोरेंसिक एक्सपर्ट भी मौके पर पहुंच गए हैं और जांच जारी है।
250 श्रद्धालु सुन रहे थे सत्संग, धमाके के बाद मची अफरातफरी
बार्डर जाेन के आइजी सुरिंदर पाल सिंह परमार ने बताया कि सत्संग में 250 से अधिक श्रद्धालु मौजूद थे। उन्होंने बताया कि दो से तीन युवक सत्संग के दौरान आए और वहां ग्रेनेट फेंका। उन्होंने बम धमाके में तीन लोगों की मौत और 15- से 20 लोगाें के घायल होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि घटना की जांच की जा रही है आैर पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है। अमृतसर अौर अासपास के जिले में नाकाबंदी कर दी गई है। इसके साथ ही तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
इस धमाके के बाद पंजाब के सभी शहरों सहित दिल्ली और अन्य आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही बॉर्डर जोन के आइजी सुरिंदर पाल सिंह परमार सभी कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर घटनास्थल पर पहुंचे हैं। घायलों को पास के सिविल अस्पताल और अमृतसर के गुरु नानकदेव अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अमृतसर के गुरु नानकदेव अस्पताल में भर्ती एक श्रद्धालु।
बताया जाता है कि धमाका करीब 12 बजे हुआ। धमाका उस समय हुआ जब निरंकारी भवन में सत्संग चल रहा था। इसी दौरान तीन युवकों ने मंच पर बम फेंक दिया। इससे तीन लाेगों की मौके पर ही मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बम घमाके के बाद घटनास्थल पर जमा भीड़।
बताया जा रहा है कि सत्संग में काफी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निरंकारी भवन में सत्संग कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान तीन युवक मोटरसाइकिल पर आए और और उन्हाेंने मंच की ओर ग्रेनेड नुमा बम फेंक दिया। इसके बाद दोनों युवक बाइक पर ही फरार हो गए। बम के फटने से कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। धमाके की चपेट में कई लोग आ गए। तीन लोगाें की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने घायलाें को संभाला और उनको अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंच गई और पूरे इलाके को घेर लिया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की नाकाबंदी कर दी है और धमाका करने वालों की तलाश कर रही है।
अस्पताल मेें भर्ती धमाके में घायल हुए लोग।
अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में दाखिल घायलों ने बताया कि वह सत्संग सुन रहे थे। इसी दौरान तीन युवकों ने अंदर प्रवेश किया। एक युवक ने मंच के पास बम फेंका। जमीन पर गिरते ही बम ब्लास्ट हुआ। बम का एक हिस्सा दाईं तरफ और दूसरा बाई तरफ चला गया। इसके बाद निरंकारी भवन खून से सन गया। गुरदासपुर बटाला की तरफ जाने वाले सभी रास्तों की नाकेबंदी कर दी गई है।
घायलों के अनुसार निरंकारी भवन में 250 से ज्यादा श्रद्धालु सत्संग श्रवण कर रहे थे। जिस समय युवकों ने बम फेंका सत्संग सुन रहे एक युवक ने उसे पकड़ने का भी प्रयास किया लेकिन वे वहां से तेजी से निकल भागे। आइजी ने कहा घटनास्थल के आसपास कुछ और विस्फोटक पदार्थ होने की आशंका है आैर इसके मद्देनजर जांच की जा रही है।
इसी निरंकारी भवन में हो रहा था सत्संग।
बता दें कि पिछले दिनों पाकिस्तान से छह-सात आतंकियों के पंजाब में घुसने की आशंका जताई गई थी। ये आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के छह से सात आतंकियों के सड़क मार्ग से फिरोजपुर में दाखिल होने की आशंका थी। सुरक्षा एजेंसियां इसके बाद तलाशी अभियान चला रही थीं। सरहदी गांवों व कस्बों के लोगों तक आतंकियों की वायरल हो रही तस्वीरों को सुरक्षा बलों ने वाट्सएप के जरिये पहुंचा दिया था।
कश्मीरी आतंकी जाकिर मूसा का हाथ होने की आशंका भी
इसके साथ ही कुख्यात आतंकी जाकिर मूसा के अमृतसर व उसके आसपास के क्षेत्र में सक्रिय होने की आशंका जताई गई थी। इसके बाद पुलिस ने जाकिर मूसा के फोटो वाले पोस्टर लगाए गए थे। आशंका जताई जा रही है कि मूसा का इस धमाके में हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। इससे साथ ही पठानकोट के पास कुछ लाेगों ने एक इनोवा कार छीन ली थी। अब तक उस कार अौर उसे छीनने वालों का भी पता नहीं चला है।
जाखड़ सहित कई नेताओं ने जताया शोक
घटना पर कांग्रेस के प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ कई नेताओं ने घटना पर चिंता जताई है। उन्होंने बम धमाके में मारे गए लोगों के प्रति शोक जताया है। कांग्रेस विधायक राजकुमार वेरका घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव के निरंकारी भवन पहुंचे। सुनील जाखड़ ने कहा, बम धमाके में मारे गए लोगों के प्रति शोक जताया हूं। मेरी घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना है। राज्य में सुरक्षा के लिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को पूरा अलर्ट रहना चाहिए।
राज्यभर निरंकारी भवनों व धार्मिक स्थलों पर कड़ी सुरक्षा
बम धमाके के बाद पूरे पंजाब में निरंकारी भवनों और धार्मिेक स्थलों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। तरनतारन, गुरदासपुर, मोगा, लुधियाना, पठानकोट सहित सभी स्थानों पर निरंकारी भवनों के बाहर कड़ी सुरक्षा है और पुलिस तैनात है।