
पूर्वी लंदन के इलफोर्ड क्षेत्र में सोमवार को भारतीय मूल की 35 वर्षीय गर्भवती महिला की तीर मारकर हत्या कर दी गई। आपरेशन के बाद बच्चे को बचा लिया गया, लेकिन उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। स्काटलैंड यार्ड के अधिकारियों ने मंगलवार को 50 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जिसे महिला का पूर्व पति बताया जा रहा है।
देवी उन्मथलेगाडू ने धर्म परिवर्तन के बाद इम्तियाज मोहम्मद के साथ सात वर्ष पहले शादी कर ली थी और अपना नाम सना मोहम्मद रख लिया था। उसके पूर्व पति से 18, 14 व 12 वर्ष के तीन बच्चे हैं। इम्तियाज से दो लड़कियां क्रमशः पांच और दो साल की हैं। तीसरे बच्चे का जन्म चार सप्ताह में होने वाला था, जिसे आपरेशन करके बचाया गया।
सोमवार को इम्तियाज घर पर ही था, जब तीर से हमला हुआ। तीर देवी के दिल में धंस गया था, लेकिन बच्चा सुरक्षित था। डाक्टरों ने बताया कि देवी के दिल से तीर निकालना ज्यादा खतरनाक था, इसलिए आपरेशन करके बच्चे को बचाने का फैसला किया गया। गिरफ्तार रामनोडगे उन्मथलेगडू को गुरुवार को लंदन के ओल्ड बेली कोर्ट में पेश किया जाएगा।