उत्तराखंड में फिर डोली धरती, पिथौरागढ़ में दो बार भूकंप के झटके; बागेश्वर भी प्रभावित

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले और बागेश्वर में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप की तीव्रता पांच मेग्नीट्यूड मापी गर्इ है। ये झटके 12 बजकर 37 मिनट पर महसूस किए गए हैं। वहीं, भूकंप का केंद्र भारत-नेपाल सीमा बताया जा रहा है। झटके महसूस होने के बाद से ही लोगों में दहशत है।  

पिथौरागढ़ जिले के अधिकांश क्षेत्रों में रविवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। जिसके बाद सभी लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। पिथौरागढ़, डीडीहाट, मुनस्यारी और धारचूला में भूकंप के झटके महसूस हुए। जबकि, बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र भी इससे प्रभावित रहा है। 

वहीं, बताया जा रहा है कि पिथौरागढ़ के धारचूला में करीब आठ मिनट बाद दूसरा झटका महसूस हुआ। हालांकि, जिले में भूकंप से कहीं भी किसी तरह के नुकसान की कोर्इ खबर नहीं है। 

उत्तराखंड भूकंप के लिहाज से अतिसंवेदनशील माना जाता रहा है। यहां उत्तरकाशी और चमोली में बड़े भूकंप भी आ चुके हैं, जिनमें कर्इ लोगों की जान गर्इ थी। पिथौरागढ़ जिले में कर्इ बार भूकंप के झटके महसूस किए जा चुके हैं और एकबार फिर से भूकंप के झटकों ने लोगों के मन में दहशत भर दी है।