भारत & वेस्टइंडीज़ पहले T-20 से पहले विंडीज़ को लगा बड़ा झटका, ये स्टार खिलाड़ी हुआ सीरीज़ से बाहर

 टेस्ट और वनडे सीरीज़ में भारत के हाथों मात खाने के बाद अब टी-20 सीरीज़ से पहले वेस्टइंडीज़ की टीम को एक और बड़ा झटका लगा है। विंडीज़ के स्पिनर एश्ले नर्स के भारत दौरे से बाहर होने के बाद अब वेस्टइंडीज के स्टार ऑलराउंडर आंद्रे रसेल भी तीन मैचों की इस टी-20 सीरीज से बाहर हो गए हैं।

रसेल हुए टी-20 सीरीज़ से बाहर

ईडन गार्डेस में रविवार को होने वाले पहले मुकाबले से पहले चोटिल रसेल के बाहर होने से मेहमान टीम को बड़ा झटका लगा है। शनिवार को वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता कर्टनी ब्राउन ने रसेल की अनुपलब्धता की जानकारी दी लेकिन उन्होंने रसेल की चोट के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

Twitter पर छबि देखें

ब्राउन ने कहा कि आंद्रे रसेल और सुनील नारायण अभी चोटिल हैं। चोट से उबर रहे एश्ले नर्स भारत के खिलाफ बचे हुए मुकाबलों के अलावा बांग्लादेश दौरे से भी बाहर रहेंगे। हम भारत में हमारी टीम को चुनौतीपूर्ण दौरे पर सीरीज के लिए शुभकामनाएं देते हैं।

टी-20 में भारत पर भारी विंडीज़

भले ही आंद्र रसेल इस सीरीज से बाहर हो गए हो, लेकिन टीम इंडिया फिर भी कैरेबियाई टीम को हल्के में नहीं लेगी। कार्लोस ब्रेथवेट की अगुवाई वाली कैरेबियाई टी-20 टीम को हराना हालांकि भारत के लिए आसान नहीं होगा। मेहमान टीम अपनी प्रतिष्ठा बचाने के इरादे से उतरेगी। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 2009 से 2017 तक हुए आठ टी-20 मैचों में से पांच वेस्टइंडीज ने जीते हैं। भारत ने आखिरी बार इस प्रारूप में वेस्टइंडीज को 23 मार्च 2014 को बांग्लादेश में मात दी थी।

रोहित संभालेंगे भारत की कमान

तीन मैचों की इस टी-20 सीरीज़ के लिए टीम इंडिया के नियमित कप्तान विराट कोहली को आराम दिया गया है। रोहित शर्मा उनकी गैर मौजूदगी में टी-20 टीम की अगुवाई करेंगे।

रोहित के लिए फिर लकी साबित होगा कोलकाता?

रोहित के लिए अपने लकी मैदान पर कैरेबियाई टीम को हराना आसान चुनौती नहीं होगी। रोहित ने 2014 में ईडन गार्डंस पर ही वनडे क्रिकेट में रिकार्ड 264 रन बनाए थे। इसके अलावा यहां 2013 और 2015 में आइपीएल खिताब जीते ।वनडे श्रृंखला में रोहित ने 129.66 की औसत से 389 रन बनाए। बतौर कप्तान एशिया कप में पांच पारियों में रोहित ने 317 रन बनाए थे।