
विजिलेंस टीम ने नायब तहसीलदार को ऋषिकेश के एक आश्रम से दबोचा। जानकारी के मुताबिक नायब तहसीलदार मुन्ना सिंह चौहान ने आश्रम में ही घूस लेने के लिए प्रधान को बुलाया था।
जिसकी सूचना पहले से विजिलेंस टीम को दे दी गई थी। लिहाजा मौके पर ही नायब तहसीलदार को रंगे हाथ दबोच लिया गया। आरोपी के पास से 50 हजार रुपए की घूस की रकम बरामद की गई है। बता दें कि रायवाला में 2015 में पेड़ों की अवैध कटान का मामला प्रकाश में आया था। प्रधान राखी गिरि के खिलाफ इसकी जांच चल रही थी।
जांच कर रहे नायब तहसीलदार पर आरोप है कि पेड़ों के कटान मामले में प्रधान को करीब 4-5 लाख रुपए के जुर्माने से बचाने के लिए वह 50 हजार रुपए की घूस मांग रहा था। प्रधान ने घूस की रकम देने से पहले ही विजिलेंस को सूचना दे दी। जिसमें नायब तहसीलदार फंस गए। विजिलेंस टीम नायब तहसीलदार को अपने साथ ले गई है। अब मुकदमा दर्ज करने की तैयारी हो रही है।