ट्रंप ने ट्विटर पर लगाया अपने फॉलोअर कम करने का आरोप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्विटर पर आरोप लगाया है कि उनके फॉलोअर कम करने के साथ-साथ उसने नए लोगों के लिए ट्विटर पर आना कठिन बना दिया है।

यह बात उन्होंने माइक्रोब्लॉगिंग साइट के उन प्रयासों के विरोध में कहीं, जिनके तहत साइट फेक और अश्लील खातों को बंद कर रही है। ट्रंप के ट्विटर पर करीब साढ़े पांच करोड़ समर्थक हैं।

एक ट्वीट में ट्रंप ने यह भी कहा कि ट्विटर उनके प्रति पूर्वाग्रह से ग्रस्त है। इसके चलते साइट ने उनके अकाउंट से कई समर्थकों को हटा दिया है।

वहीं, ट्विटर की ओर से कहा गया है कि वह अपने सिस्टम से फेक अकाउंट को हटाने का काम कर रहा है। इसके चलते पिछले दो महीने में हमने करीब 90 लाख खाते बंद किए हैं।