देवदूत से कम नहीं पंजाब के ये 400 टैक्सी वाले, यूं बचाते हैं लोगों की जान

पंजाब के ये 400 टैक्सी चालक लोगों के लिए किसी देवदूत से कम नहीं हैं। वे यूं तो रोजी-रोटी के लिए टैक्सी चलाते हैं लेकिन जरूरतमंदों की मदद को तत्पर इनका जज्बा इन्हें औरों से अलग साबित करता है। अगर कोई किसी मुसीबत में है, अंधेरी रात में कहीं कोई हादसा हो गया है, मदद के लिए कोई नहीं है.. तो पंजाब टैक्सी यूनियन के वाट्सएप नंबर पर भेजा गया एक मैसेज पीडि़त को जीवनदान देता है। चंद मिनटों में ही यूनियन का कोई न कोई सदस्य देवदूत बन मदद को हाजिर हो जाता है।

घायल को अस्पताल पहुंचाने, जरूरत पड़ने पर खून मुहैया कराने के साथ ही ये अन्य मदद भी करते हैं। पंजाब टैक्सी यूनियन के सदस्यों ने मोबाइल नंबर 7888625800 पर वाट्सएप ग्रुप बनाया है। पंजाब के करीब 400 टैक्सी चालक इससे जुड़ चुके हैं।

पंजाब टैक्सी यूनियन के जिला प्रधान सोहन सिंह नाभा बताते हैं कि जिला स्तर पर 11 सदस्यीय और ब्लॉक स्तर पर पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। ये कमेटियां राज्य के सभी 22 जिलों में गठित की जा चुकी हैं। अब इस मुहिम में हरियाणा के टैक्सी ड्राइवर भी शामिल होने लगे हैं।