
पाकिस्तान क्रिकेट पंचाट ने पूर्व सलामी बल्लेबाज नासिर जमशेद पर पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में फिक्सिंग से जुडे़ मामले में लगे 10 साल के प्रतिबंध को बरकरार रखा है. जमशेद उन छह खिलाड़ियों में शामिल थे जिन पर कई बार स्पॉट फिक्सिंग करने का आरोप लगा था. इस साल अगस्त में इस मामले में उन्हें भ्रष्टाचार रोधी पंचाट ने 10 साल के प्रतिबंध की सजा सुनाई थी. 
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने एक बयान में कहा, ”स्वतंत्र जांचकर्ता ने उन पर लगे प्रतिबंध को ‘पूरी तरह सही पाया’ और यह सजा बरकरार रहेगी.” जमशेद ने पाकिस्तान के लिए दो टेस्ट, 48 वन-डे और 18 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं.
हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की भ्रष्टाचार विरोधी संहित के अनुच्छेद 6.2 के अधिकार क्षेत्र में शामिल न होने के कारण उनके ऊपर भ्रष्टाचार रोधी ट्रिब्यूनल द्वारा लगाए गए अन्य दंडों को हटा दिया गया है.
अन्य दंडों के अनुसार, “नासिर को उस सूची में डाला जाना था जिसमें उन खिलाड़ियों के नाम है जिससे सभी क्रिकेट और हितधारक दूरी बनाए रखते हैं तथा उन्हें क्रिकेट के प्रबंधन या प्रशासन में महत्वपूर्ण भूमिका न दी जाए.” इन दंडों को नासिर पर से हटा दिया गया है.
पीएसएल में स्पॉट फिक्सिंग के मामले में पंचाट ने जमशेद के अलावा शारजील खान, खालिद लतीफ, मोहम्मद इरफान और मोहम्मद नवाज को अलग-अलग सजा सुनाई है.