उत्तर प्रदेश के जनपद कन्नौज में नथापुर्वा गांव में एक गैस प्लांट का भूमि पूजन करने आए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि अगर भाजपा को हिंदू होने पर गर्व है तो मुझे बैकवर्ड हिंदू होने का गर्व है। एक्सप्रेसवे की तारीफ करते हुए कहा कि सड़क देश की खुशहाली के लिए बनती हैं। हमने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर लड़ाकू विमान उतारे थे, भाजपा सरकार बलिया-मिर्जापुर एक्सप्रेसवे पर राफेल उतारकर दिखाए।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि हमारे गठबंधन से भाजपा सरकार घबराई हुई है लेकिन असल गठबंधन तो अभी बाकी है। बोले, लोकसभा चुनाव में सबसे अधिक साजिश कन्नौज में होगी। यह वही कन्नौज है जहां पर साजिश कर पृथ्वीराज चौहान का राजपाट छीन लिया गया था।
लखनऊ के विवेक तिवारी हत्याकांड पर तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की भाषा है कि ठोक दो। पुलिस ने उसी अंदाज में ठोक डाला। योगी के मंत्री ही सरकार पर फर्जी एनकाउंटर का आरोप लगा रहे हैं। अलीगढ़, नोएडा सहित कई जगत तो केवल प्रमोशन पाने के लिए फर्जी एनकाउंटर कर डाले गए। मानवाधिकार आयोग से इस सरकार को जितने नोटिस मिले, कभी किसी सरकार को नहीं मिले।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों की वजह से बड़ी संख्या में लोग पलायन कर गए हैं। जब पैसे वाले चले जाएंगे तो देश को खुशहाल कौन बनाएगा। बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश में यूपी के लोगों को अपमानित होना पड़ रहा है। सरकार ने किसानों के साथ केवल छलावा किया है, आज तक नहीं बताया कि एमएससपी कैसे तय होगी।