
विजय हजारे ट्रॉफी के पहले सेमीफाइनल में बुधवार को मुंबई का सामना हैदराबाद से होगा. दोनों टीमें बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में भिड़ेंगी.
पिछले मैच में मुंबई को रोहित शर्मा की सेवाएं मिली थी और उम्मीद की जा रही है कि सेमीफाइनल में मुंबई को अजिंक्य रहाणे और युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ का साथ मिलेगा.
दोनों खिलाड़ी क्वार्टर फाइनल के दौरान भारतीय टीम के साथ वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेल रहे थे. इन दोनों के आने से मुंबई मजबूत होगी. ऐसे में कप्तानी श्रेयस अय्यर से वापस रहाणे पर आ सकती है, जिन्होंने टूर्नामेंट के अधिकतर मैचों में टीम की कमान संभाली है और बल्ले से भी अच्छा योगदान दिया है.
वहीं रोहित जैसा बल्लेबाज होने से मुंबई की टीम काफी मजबूत नजर आ रही है. मुंबई की ताकत उसकी बल्लेबाजी ही है. रहाणे और रोहित के अलावा उसके पास अय्यर और शॉ के रूप में तो बेहतरीन युवा बल्लेबाज हैं. शॉ ने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ बल्ले से अपनी प्रतिभा का लोह मनवाया है. वह टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में मुंबई के लिए अच्छे खासे रन कर चुके हैं.
इन सभी के अलावा टीम के दो सीनियर खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव और आदित्य तरे भी बड़ा स्कोर करने का दम रखते हैं. गेंदबाजी में मुंबई की आस धवल कुलकर्णी से है.