
कन्नौज:ht शिक्षिकों की लड़ाई की शिकायत की जांच कर लौट रहे खंड शिक्षाधिकारी पर उसी मामले में आरोपी एक शिक्षिका समेत दो लोगों ने हमला कर दिया. उन्होंने अधिकारी को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा. साथ ही उनकी कार में भी जमकर तोड़फोड़ की.
कन्नौज के तिर्वा थाना क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय कड़ेरा में तैनात शिक्षिका शमां परवीन और संध्या के बीच दो दिन पहले किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. जिसकी शिकायत संध्या ने उच्चाधिकारी से की थी. इसी मामले की जांच के लिए उमर्दा विकासखंड क्षेत्र के खंड शिक्षाधिकारी शिव सिंह और एबीआरसी धर्मेंद्र यादव निजी कार से गए थे. जांच में समां परवीन की लापरवाही मिली तो उन्होंने फटकार लगा दी. इसके बाद दोनों वहां से निकल गए.
फटकार से नाराज शमां परवीन ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय तुलापुर्वा में तैनात शिक्षक अगम सिंह को भी फोन करके बुला लिया. जिसके बाद अगम सिंह, समां परवीन और एक अज्ञात व्यक्ति ने खंड शिक्षाधिकारी की कार को तिर्वा-कन्नौज रोड पर ब्लॉक के सामने घेर लिया. उनकी कार के आगे अपनी कार खड़ी करके उन पर हमला कर दिया.
इस दौरान हमलावर कार में तोड़फोड़ करने लगे. कार में तोड़फोड़ होता देख खंड शिक्षाधिकारी गाडी से कूदकर भागे तो तीनों आरोपियो ने उनको दौड़ा-दौड़ाकर उन्हें पीटा. इससे उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आ गयी. पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी. कोतवाली प्रभारी आमोद कुमार सिंह ने खंड शिक्षाधिकारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी.