
राजधानी पटना के सिटी इलाके में अपराध कम होने का नाम नहीं ले रहा है. बेखौफ अपराधी इलाके में लगभग रोजाना हत्या जैसी वारदात को अंजाम दे रहे हैं. ताजा घटना शनिवार शाम की है जब अपराधियों ने खाजेकलां इलाके में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी.
घटना शाम तकरीबन 7:30 बजे की है जब खाजेकला थाना क्षेत्र के जल्ला गली स्थित कोल्ड स्टोरेज के पास 4 अपराधियों ने युवक की गोली मारकर हत्या कर दी.
घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
जिस वक्त पुलिस मौके पर पहुंची युवक का शरीर खून से लथपथ था जिससे इस बात का अंदेशा जताया जा रहा है कि अपराधियों ने बंदूक सटाकर उसे गोली मारी. घटनास्थल से पुलिस को 12 खाली खोखे और एक जिंदा कारतूस भी मिला है.
हालांकि, पुलिस ने इस बात का खंडन किया है और कहा है कि युवक को केवल 4 गोली मारी गई है. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हवा में फायरिंग करते हुए मोटरसाइकिल पर बैठकर फरार हो गए. अपराधी युवक का मोबाइल भी ले गए.
पुलिस ने युवक की हत्या मामले में प्राथमिकी दर्ज कर लिया है और उसकी पहचान के लिए जांच जारी है. पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे की भी जांच कर रही है ताकि अपराधियों की पहचान हो सके. दूसरी तरफ पटना के पास नौबतपुर इलाके में भी 6 बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी.