
बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विदेश मंत्री जसवंत सिंह के बेटे मानवेंद्र सिंह कांग्रेस से जुड़ सकते हैं. मानवेंद्र 13 अक्टूबर को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत की मौजूदगी में कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं.
बता दें कि मानवेंद्र बीजेपी छोड़ने का ऐलान पहले ही कर चुके हैं. मानवेंद्र सिंह ने कांग्रेस में जाने की बात तो कही है लेकिन दिल्ली या जयपुर में कांग्रेस में शामिल होंगे इस पर इन्होंने कुछ नहीं कहा.
इस तरह की भी योजना बनाई जा रही है कि राहुल गांधी की किसी बड़ी रैली में पहुंचकर मानवेंद्र अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल होंगें. मानवेंद्र अगर कांग्रेस में शामिल होते हैं तो पश्चिमी राजस्थान की राजनीति में बड़ा बदलाव आएगा. इस इलाके में राजपूत परंपरागत रूप से बीजेपी के वोटर रहे हैं, ऐसे में राजपूत वोटर बड़ी संख्या में कांग्रेस से जुड़ सकते हैं.
यह भी कयास लगाया जा रहा है कि इस बार विधानसभा चुनाव में मानवेंद्र सिंह की पत्नी चित्रा सिंह कांग्रेस के टिकट पर लड़ सकती हैं. मानवेंद्र सिंह फिलहाल बाड़मेर के शिव विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी के विधायक हैं. उनके पिता जसवंत सिंह बीजेपी के संस्थापक सदस्यों में से रहे हैं और बाड़मेर लोकसभा सीट से चुनाव जीतते रहे हैं.
पिछले लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें टिकट नहीं दिया था तो वे निर्दलीय चुनाव लड़े थे और हार गए थे. मानवेंद्र सिंह ने 22 सितंबर को बाड़मेर के पचपदरा में स्वाभिमान रैली कर बीजेपी छोड़ने का ऐलान किया था.
उसके बाद से यह कयास लगाए जा रहे थे कि मानवेंद्र सिंह कांग्रेस में जा सकते हैं. यह कहा जा रहा है कि मानवेंद्र सिंह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे बल्कि बाड़मेर से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं.