
पंजाब में बदमाश बेखौफ हो रहे हैं। आम लोगों की बात तो एक तरफ़ पुलिस मुलाजिम भी सुरक्षित नहीं हैं। सोमवार सुबह चौकी के बाहर तैनात कांस्टेबल वाहनों की चेकिंग कर रहा था। इसी दौरान उसने एक मोटरसाइकिल सवार को रोका। कांस्टेबल ने उससे कागज मांगे तो मोटरसाइकिल सवार ने उसके टांग पर गोली मार दी। इसके बाद मोटरसाइकिल सवार फरार हो गया। कांस्टेबल दविंदर सिंह को डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दविंदर सिंह डीएमसी चौकी में तैनात है। सोमवार सुबह पुलिस ने चौकी के बाहर नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान डीएमसी पार्किंग में से एक मोटरसाइकिल सवार युवक निकला। शक के आधार पर दविंदर सिंह ने उसे रोका और जब मोटरसाइकिल के कागज दिखाने की बात की तो युवक ने पिस्तौल निकालकर दविंदर की दाहिनी टांग में गोली मार दी।
वारदात को अंजाम देकर बदमाश आसानी के साथ मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर सुखचैन सिंह गिल मौके और पहुंचे। मामले में पुलिस कमिश्नर का कहना है कि गोली चलाने वाले बदमाश की साफ़ तस्वीर उनके पास आ गई है। पुलिस बदमाश की तलाश कर रही है जल्द ही उसे काबू कर लिया जाएगा।