
अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे बाल श्रमिक विद्यालय के शिक्षकों ने शनिवार को मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के सामने प्रदर्शन किया। मंत्री अग्रवाल रायपुर के ईदगाह भाठा मैदान में प्रस्तावित स्टेडियम निर्माण का शुभारंभ करने पहुंचे थे, इसी दौरान वहां मौजूद प्रदर्शनकारी बाल श्रमिक विद्यालय के शिक्षकों ने उन्हें घेर लिया। संविलियन की मांग को लेकर ये शिक्षक पिछले 113 दिनों से प्रदेश स्तर पर आंदोलन कर रहे हैं।
शनिवार दोपहर जब मंत्री कार्यक्रम स्थल से अपनी कार से बाहर निकल रहे थे, उस दौरान ये प्रदर्शनकारी शिक्षकों ने उनकी कार को घेर लिया। एक प्रदर्शनकारी शिक्षक तो उनकी कार के सामने ही लेट गया। इसके बाद आंदोलकारी शिक्षकों ने मंत्री की कार को चारों ओर से घेर लिया। आंदोलनरत शिक्षकों में कई महिलाएं भी शामिल थीं। कई महिला शिक्षक गाड़ी के सामने डटकर खड़ी हो गईं। इधर सुरक्षाकर्मियों ने इन प्रदर्शनकारी शिक्षकों को वहां से हटाया। साथ ही जो शिक्षक कार के सामने लेट गया था, उसे भी हटाया गया। पुलिस ने बड़ी मशक्कत के साथ मंत्री की कार के लिए रास्ता बनाया। इस दौरान भीड़ में घिरीं एक महिला शिक्षक बेहोश होकर गिर गई, जिसे साथियों ने संभाला।