हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी से मिले पुतिन, 10 अरब डॉलर के सौदे को मिल सकती है मंजूरी

दो दिवसीय भारत दौरे पर आए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और पीएम मोदी के बीच शुक्रवार को हैदराबाद हाउस में मुलाकात हुई। माना जा रहा है पुतिन के इस दौरे पर एस400 डील को मंजूरी मिल सकती है। पुतिन भारत और रूस के बीच 19वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार शाम भारत पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर पीएम मोदी ने गले लगाकर पुतिन का स्वागत किया।

दोनों के बीच हैदराबाद हाउस में बातचीत जारी है और माना जा रहा है कि आज दोनों देशों के बीच 10 अरब डॉलर से ज्यादा के सौदे पर बातचीत होने की संभावना है।

गौरतलब है कि राष्ट्रपति पुतिन अपनी भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के साथ वार्षिक भारत-रूस शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं। इस यात्रा में अरसे से लंबित एस-400 ट्रंप एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम सौदे पर समझौता होना संभव बताया जा रहा है। इसका करार पांच अरब डॉलर की राशि से ज्यादा का होगा। ऐसा माना जा रहा है कि इस खरीद से अमेरिका के काउंटरिंग अमेरिका एडवर्सरीज थ्रू सेक्शन एक्ट का उल्लंघन होगा, लेकिन भारत पहले से ही अमेरिका को मनाने में लगा है।

बता दें कि इस शिखर सम्मेलन में 10 अरब डॉलर से ज्यादा के सौदे पर बातचीत हो सकती है। इनमें छिपी संभावना और क्षमता की बदौलत रूसी हथियारों के लिए कम से कम दो और दशकों तक भारतीय दरवाजे खुले रहेंगे। रक्षा सूत्रों के अनुसार एस-400 मिसाइल के अलावा 2 अरब डॉलर में एक और अकुला क्लास की परमाणु शक्ति संपन्न हमलावर पनडुब्बी की लीज, कृवाक के चार युद्धपोत के लिए 2 अरब डॉलर का सौदा, 200 से ज्यादा केए-226 लाइट यूटिलिटी हेलिकॉप्टर, जो हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड के साथ संयुक्त उद्यम में रशियन हेलिकॉपटर्स द्वारा बनाए जाने हैं।