
18 साल के पृथ्वी शॉ ने इंटरनेशनल लेवल एंट्री करते ही धमाका कर दिया है. उन्होंने करियर के शुरुआती तीन घंटे में ही दर्जनों रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. इनमें सचिन तेंदुलकर से लेकर तमाक दिग्गजों के रिकॉर्ड शामिल हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ राजकोट में अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे इस मुंबइया बल्लेबाज ने 154 गेंद पर 134 रन बनाए. वे पहले ही टेस्ट मैच में शतक लगाने वाले 15वें भारतीय हैं. 
जानिए उनके प्रमुख रिकॉर्ड:
पृथ्वी शॉ ने गुरुवार को सुबह साढे़ 9 बजे अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की. उन्होंने डेढ़ घंटे के भीतर अपना अर्धशतक पूरा किया. दो घंटे के खेल के बाद मैच लंचब्रेक के लिए रोक दिया गया. उस वक्त पृथ्वी 75 रन पर नाबाद थे. खेल 40 मिनट के ब्रेक के बाद शुरू हुआ, लेकिन पृथ्वी उसी लय में नजर आए और अगले 45 मिनट में अपना शतक पूरा कर लिया. उन्हें महज 99 गेंद पर अपना पहला शतक पूरा किया.
डेब्यू टेस्ट मैच में सबसे कम उम्र में शतक
पृथ्वी शॉ डेब्यू टेस्ट मैच में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र में खिलाड़ी बन गए हैं. उनकी उम्र अभी 18 साल 329 है. वैसे, डेब्यू टेस्ट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने के मामले में वे ओवरऑल चौथे नंबर पर हैं. बांग्लादेश के मोहम्मद अशरफुल (17 साल 61 दिन), जिम्बाब्वे के एच मसकाद्जा (17 साल 352 दिन) और पाकिस्तान के सलीम मलिक (18 साल 323 दिन), पृथ्वी से कम उम्र में शतक लगा चुके हैं.
रणजी, दलीप और टेस्ट क्रिकेट के पहले मैच में शतक
पृथ्वी शॉ ऐसे पहले क्रिकेटर बन गए हैं, जिन्होंने अपने रणजी ट्रॉफी, दलीप ट्रॉफी और टेस्ट क्रिकेट के डेब्यू मैच में ही शतक बनाए हैं. उन्होंने पहले रणजी मुकाबले में 120 और पहले दलीप ट्रॉफी के मुकाबले में 154 रन बनाए थे. इसके साथ ही उन्होंने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को भी पीछे छोड़ दिया है. सचिन ने रणजी और दलीप ट्रॉफी के अपने पहले ही मैच में शतक जमाया था, लेकिन वे पहले टेस्ट की पहली पारी में खाता भी नहीं खोल सके थे.
डेब्यू टेस्ट मैच में तीसरा सबसे तेज शतक
पृथ्वी शॉ डेब्यू टेस्ट मैच में सबसे तेजी से शतक लगाने वाले तीसरे क्रिकेटर बन गए हैं. उन्होंने 99 गेंद पर शतक जमाया. डेब्यू टेस्ट मैच मे सबसे तेजी से शतक बनाने का विश्व रिकॉर्ड शिखर धवन के नाम था. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में 85 गेंद पर शतक जमाया था. दूसरा सबसे तेज शतक वेस्टइंडीज के ड्वेन स्मिथ के नाम है. उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 93 गेंद पर शतक बनाया था.
सबसे कम उम्र में शतक बनाने वाले सातवें खिलाड़ी
पृथ्वी शॉ सबसे कम उम्र में शतक लगाने के मामले में ओवरऑल सातवें नंबर पर हैं. वर्ल्ड रिकॉर्ड मोहम्मद अशरफुल (17 साल 61 दिन) के नाम है. मुश्ताक मोहम्मद (17 साल 78 दिन), सचिन तेंदुलकर (17 साल 107 दिन), मसकाद्जा (17 साल 352 दिन), सलीम मलिक (18 साल 323 दिन) और इमरान नजीर (18 साल 154 दिन) पृथ्वी से कम उम्र में शतक लगा चुके हैं.