शशि थरूर के वकील को पुलिस ने सौंपे दस्तावेज और सुबूत, सुनंदा पुष्कर मर्डर केस में पुलिस कर रही है जांच…

सुनंदा पुष्कर को खुदकशी के लिए उकसाने के मामले में दिल्ली पुलिस ने केस के आरोपी और उनके पति कांग्रेस नेता शशि थरूर को संबंधित दस्तावेज सौंप दिए हैं। पुलिस ने शशि थरूर के वकील को सभी दस्तावेजो की प्रति दी है। इसमें केस से संबंधित इलेक्ट्रानिक साक्ष्य भी शामिल हैं।

मालूम हो कि इससे पहले शशि थरूर के वकील ने पटियाला हाउस कोर्ट में सुनवाई के दौरान कहा था कि पुलिस ने उन्हें जो दस्तावेज उपलब्ध कराए हैं, उनमें से कई पढ़ने लायक नहीं हैं। कुछ दस्तावेज गायब भी हैं। उनकी इस अपील पर पटियाला हाउस कोर्ट ने 20 सितंबर 2018 को दिल्ली पुलिस को आदेश दिया था कि वह केस से संबंधित सभी दस्तावेजों की प्रति शशि थरूर के वकील को उपलब्ध कराएं। मामले में कोर्ट ने अब अगली सुनवाई के लिए 12 अक्टूबर की तिथि निर्धारित की है।

मालूम हो कि 17 जनवरी 2014 को दिल्ली के फाइव स्टार होटल में हुई सुनंदा पुष्कर की मौत के मामले में दिल्ली पुलिस ने एक जनवरी 2015 को हत्या का केस दर्ज किया था, लेकिन सुबूत नहीं मिले थे। फिर फोरेंसिक साइकलॉजिकल प्रोफाइलिंग, विशेषज्ञ की राय और तकनीकी जांच के आधार पर आइपीसी की धारा 306 यानी आत्महत्या के लिए उकसाने और 498 ए यानी प्रताडि़त करने की धाराओं के तहत शशि थरूर के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया गया था।

मामले में पटियाला हाउस कोर्ट में सुनवाई चल रही है। कोर्ट इस मामले में शशि थरूर पर बिना अनुमति देश छोड़ने से रोक लगा चुका है। कुछ समय पहले ही शशि थरूर सुप्रीम कोर्ट से अनुमति लेकर विदेश गए थे।