किम जोंग से मुलाकात करने ‘उत्‍तर कोरिया’ जायेंगे, अमेरिकी विदेश मंत्री पोंपियो: जानिये पूरी खबर.

उत्‍तर कोरिया पर पूरे परमाणु निरस्त्रीकरण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोंपियो जल्‍द ही प्‍योंगयांग में किम जोंग-उन से मुलाकात करेंगे। पोंपियो की उत्‍तर कोरिया यात्रा उनके एशिया दौरे का एक हिस्‍सा है। स्टेट डिपार्टमेंट स्पोक्सपर्सन हैदर नाऊर्ट ने कहा कि पोंपियो 7 अक्टूबर को प्योंगयांग में किम जोंग उन से मुलाकात करेंगे।

अमेरिकी स्टेट डिपार्टमेंट के प्रवक्‍ता हैदर नाऊर्ट ने इस बात की जानकारी नहीं दी किस किम और पोंपियो में कि मुद्दे पर चर्चा होगी। हालांकि संभावना जताई जा रही है कि इस मुलाकात के दौरान उत्‍तर कोरिया की परमाणु क्षमता को लेकर लंबी बातचीत होगी। बता दें कि दक्षिण कोरिया का कहना है कि उत्‍तर कोरिया के पास काफी मात्रा में परमाणु हथियार हो सकते हैं।

बता दें कि किम जोंग उन और अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप के बीच जब सिंगापुर में ऐतिहासिक मुलाकात हुई तो दोनों के बीच यह तय हुआ था कि उत्‍तर कोरिया अपने परमाणु हथियार नष्‍ट करेगा। नाऊर्ट ने बताया, ‘यह सभी जानते हैं कि हम उत्‍तर कोरिया पर पूरे परमाणु निरस्त्रीकरण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए काम कर रहे हैं, इसलिए यह भी एक निजी कूटनीतिक बातचीत होने वाली है।’

उत्‍तर कोरिया और अमेरिका के बीच बातचीत को सकारात्‍मक कदम बताते हुए नाऊर्ट ने कहा कि एक साल के अंदर विदेश मंत्री की चौथी यात्रा दोनों देशों के बेहतर संबंधों को दर्शाती है। खबरों के मुताबिक, इस साल के अंत में किम और ट्रंप एक बार फिर मुलाकात कर सकते हैं।