सुखबीर ने पाकिस्तान में करतारपुर मामला नहीं उठाया

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने एक बार फिर से कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोलने का विरोध करने वाले सिख विरोधी हैैं। शिअद प्रधान सुखबीर बादल भी पाकिस्‍तान गए थे, लेकिन उन्‍होंने वहां श्री करतारपुर साहिब काॅरिडोर का मामला नहीं उठाया। वह तो वहां गोलगप्‍पे खाकर वापस आ गए।सुखबीर ने पाकिस्तान में करतारपुर मामला नहीं उठाया

नवजोत सिद्धू को आइएसआइ एजेंट बता निचले स्तर की राजनीति कर रहे सुखबीर

जाखड़ ने सुखबीर बादल पर तंज कसते हुए कहा, पाकिस्‍तान से गोलगप्पे खाकर आने वाले नेता क्या कॉरिडोर खोलने का मुद्दा उठाएंगे। जब सुखबीर बादल पाकिस्तान गए थे तो इस तरह के मुद्दे पाकिस्तान सरकार के सामने रखने की बजाय अनारकली बाजार में गोलगप्पे खाकर आ गए।

जाखड़ ने कहा कि सिद्धू ने तो करोड़ों सिखों की भावनाओं की कद्र करते हुए पाकिस्तान के सामने करतारपुर साहिब कॉरिडोर को खोलने का मुद्दा रखा है, लेकिन उनकी सराहना करने की बजाय सियासत की जा रही है। सुखबीर और हरसिमरत कौर बादल सिद्धू को आइएसआइ एजेंट बताकर निचले स्तर की राजनीति कर रहे हैं।

जाखड़ ने कहा, सुखबीर आैर हरसिमरत ऐसा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि यदि करतारपुर साहिब कॉरिडोर खुल गया तो सारा क्रेडिट सिद्धू को मिल जाएगा। मुझे लगता है कि जो लोग करतारपुर साहिब का कॉरिडोर खोलने का विरोध कर रहे हैं वे पंजाब, पंजाबी और सिख विरोधी हैं।

कोई भी कर सकता है कॉरिडोर की मांग

जाखड़ से जब यह पूछा गया कि आपकी अपनी पार्टी के नेता व कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा सिद्धू को पंजाब की राजनीति तक सीमित रहने की बात कर रहे हैं तो जाखड़ ने कहा कि सिद्धू ने केवल कॉरिडोर को खुलवाने की मांग की है। यह मांग तो कोई भी कर सकता है।

चुनाव में सुखबीर जहां से गुजरे वहां हिंसा हुई

जाखड़ ने कहा कि सुखबीर बादल ने जिला व ब्लॉक समिति के चुनाव के दौरान युवाओं को जिस तरह हिंसा के लिए उकसाया वह बेहद निंदनीय है। जाखड़ ने पूछा कि वह पंथक पार्टी के नेता हैं या गैंगस्टरों के सरगना हैं। उन्होंने कहा कि उनकी गाडिय़ों का काफिला जहां से भी गुजरा वहां हिंसक घटनाएं हुईं।

उन्होंने कहा कि अकाली भाजपा के कार्यकाल में भी 100 से अधिक कांग्रेसियों पर केस दर्ज हुए थे लेकिन कभी दोबारा मतदान के आदेश नहीं दिए गए लेकिन आज राज्य चुनाव आयोग ने सभी गड़बड़ी वाले बूथों पर दोबारा चुनाव करवाने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार ने पारदर्शी ढंग से चुनाव करवाए हैं ताकि लोगों में गलत संदेश न जाए।