
पंजाब के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के साेशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक फोटो पर विवाद पैदा हो गया है। इस फोटो में सिद्धू डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के सामने नतमस्तक होते हुए दिख रहे हैं। इसके बाद विरोधियों ने नवजोत सिद्धू पर हमले शुरू कर दिए हैं। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने सिद्धू पर जमकर निशाना साधा है और उनसे जवाब मांगा है। 
शिअद ने कहा है कि इस फोटो में सिद्धू जिस तरह डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के सामने सिर झुकाते दिख रहे हैं वह कई सवाल खड़े करता है। शिअद ने कहा कि सिद्धू पंजाब के लोगों को सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस तस्वीर की वास्तविकता से अवगत करवाएं।
बता दें कि सिद्धू ने शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर गुरमीत राम रहीम से संबंध रखने का आराेप लगाया था। शिअद के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि तस्वीर ने सिद्धू की कथनी और करनी को साफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि सिद्धू की वास्तविकता यह है कि वह एक मंत्री और लोगों के प्रतिनिधिऔर देश के नागरिक के तौर पर फेल हैं। वह हमारे दुश्मन मुल्क के प्रवक्ता के तौर पर काम कर रहे हैं।