
हरियाणा सहायक प्रोफेसर भर्ती के लिए आवेदन से वंचित रह गए उम्मीदवारों के लिए खुशखबरी। हरियाणा राज्य सरकार उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत विभिन्न विषयों के लिए सहायक प्रोफेसर (कॉलेज कैडर) के कुल 2424 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की आखिरी तारीख हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) द्वारा बढ़ा दी गई है। आयोग द्वारा आज यानी बुधवार, 28 अगस्त को जारी आधिकारिक सूचना के मुताबिक उम्मीदवार इस भर्ती के लिए अब 2 सितंबर तक अप्लाई कर सकते हैं।
बता दें कि HPSC ने सहायक प्रोफेसर (कॉलेज कैडर) के पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन (सं.42-67/2024) जारी करने के बाद आवेदन प्रक्रिया 7 अगस्त से शुरू की थी। यह प्रक्रिया मंगलवार, 27 अगस्त की शाम 5 बजे समाप्त हो गई थी। हालांकि, आयोग ने NIC के SARAL पोर्टल से जाति व आय प्रमाण-पत्र डाउनलोड करने में उम्मीदवारों को हुई तकनीकी समस्याओं के चलते आवेदन की आखिरी तारीख को बढ़ाए जाने की जानकारी आज जारी अधिसूचना में साझा की।